जबलपुर/स्वराज टुडे: जबलपुर शहर में सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई एक दोस्ती का बेहद खौफनाक और सनसनीखेज अंत सामने आया है. जबलपुर पुलिस ने हनीट्रैप के एक बड़े मायाजाल का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर महिला को व्यापारी से ढाई लाख रुपये की वसूली करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. पकड़ी गई आरोपी कोई और नहीं, बल्कि दो बच्चों की मां और बार डांसर पूजा रैदास (उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली की निवासी) है, जो खुद को छात्रा बताकर पिछले एक साल से व्यापारी को अपने जाल में फंसाकर लाखों रुपये ऐंठ रही थी.
मामला जबलपुर के ग्वारीघाट निवासी व्यापारी सार्थक सिंह से जुड़ा है. अप्रैल 2025 में सार्थक की मुलाकात सोशल मीडिया के माध्यम से पूजा से हुई थी. पूजा ने खुद को एक सीधी-साधी छात्रा बताया, जबकि वह जबलपुर के ही एक बार में डांसर के रूप में काम करती थी. सार्थक उसके झांसे में आ गया और उसकी हर एक फरमाइश पूरी करने लगा. व्यापारी ने उसे महंगी गाड़ियां, महंगे तोहफे और लाखों रुपये का सामान खरीदकर दिया.
रिश्ते में नजदीकियां बढ़ीं तो मांगने लगी 20 लाख की रंगदारी
जैसे-जैसे रिश्ते में नजदीकियां बढ़ीं, पूजा का असली रूप सामने आने लगा. उसने व्यापारी पर सीधे 20 लाख रुपये देने का दबाव बनाना शुरू कर दिया. जब व्यापारी ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, तो पूजा ने उसे झूठे पुलिस केस और बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकियां देना शुरू कर दिया. लगातार मिल रही धमकियों से तंग आकर अंततः सौदा 7 लाख रुपये में तय हुआ. इसके बाद पीड़ित व्यापारी ने 18 सितंबर को कोतवाली थाने पहुंचकर पूरी आपबीती पुलिस को सुनाई.
होटल कदम ट्री में पुलिस ने बिछाया जाल, रंगे हाथों पकड़ी गई
शिकायत मिलते ही कोतवाली पुलिस ने हनीट्रैप का पर्दाफाश करने के लिए एक सीक्रेट प्लान बनाया. पुलिस के निर्देश पर सार्थक ने पूजा को फोन कर बताया कि उसने पहली किश्त के रूप में 2.5 लाख रुपये का इंतजाम कर लिया है. रविवार दोपहर कोतवाली थाना क्षेत्र के गोपालबाग स्थित होटल कदम ट्री में मिलने का स्थान तय हुआ. जैसे ही कमरे में पूजा ने सार्थक से 2.5 लाख रुपये से भरा बैग लिया, वहां सिविल ड्रेस में पहले से मुस्तैद महिला पुलिसकर्मियों और पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा. बैग की तलाशी में पूरे ढाई लाख रुपये नगद बरामद हुए.
मोबाइल खंगाल रही पुलिस, बड़े गिरोह की आशंका
मामले की जानकारी देते हुए सीएसपी कोतवाली अखिलेश गौर ने बताया कि पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर तुरंत FIR दर्ज कर टीम गठित की गई थी और महिला को वसूली करते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब आरोपी पूजा रैदास के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट्स और व्हाट्सएप चैट्स को खंगाल रही है. पुलिस को अंदेशा है कि इस हनीट्रैप के पीछे कोई बड़ा गिरोह भी काम कर रहा हो सकता है, जिसने अन्य व्यापारियों को भी निशाना बनाया हो. फिलहाल आरोपी महिला के खिलाफ रंगदारी/वसूली की धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: Bhopal: MP में लेडी RTO इंस्पेक्टर की जघन्य हत्या, आरोपी प्रेमी ने भी फाँसी लगाकर दे दी जान, पढ़िए पूरी खबर
यह भी पढ़ें: Unnao: पिता की पेड़ से गिरकर मौत, शव घर पहुंचा तो सदमे में 4 साल की बेटी ने भी तोड़ा दम, रो पड़ा पूरा गांव

Editor in Chief

