राजगढ़/स्वराज टुडे: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने 15 बेजुबान गोवंश की जान ले ली. नेशनल हाईवे-52 पर तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर बैठे गाय-बछड़ों को कुचल दिया. हादसे के बाद बड़ा सवाल यह है कि जब जिले में 135 से ज्यादा गौशालाएं हैं, तो आखिर इतनी बड़ी संख्या में गोवंश सड़कों पर क्यों घूम रहे है. अब इस घटना को लेकर गोसेवकों और बजरंग दल में भी भारी आक्रोश है.

राजगढ़ जिले के नेशनल हाईवे-52 पर देर रात टोल टैक्स के पास तेज रफ्तार ट्रक सड़क पर बैठे गोवंश के झुंड पर चढ़ गया. हादसे में एक बछड़े सहित 15 गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद सड़क पर शव बिखर गए और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई.
लापरवाही से वाहन चलाने की धाराओं में मामला दर्ज
सूचना मिलते ही गोसेवा और पुलिस मौके पर पहुंची. ट्रक चालक वाहन लेकर भाग निकला, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कुछ ही देर में उसे पकड़ लिया और ट्रक जब्त कर लिया. पुलिस के अनुसार ट्रक तमिलनाडु से लोहे के सरिए लेकर पंजाब जा रहा था. चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम और लापरवाही से वाहन चलाने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
टोल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि आसपास के गांवों से फसल बचाने के लिए निराश्रित गोवंशों को हाईवे किनारे छोड़ दिया जाता है. रात में यही गोवंश सड़क पर बैठ जाते हैं और तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आ जाते हैं. पुलिस अब गौ सेवकों के साथ मिलकर गोवंश के सींगों पर रेडियम लगाने का अभियान चलाने की तैयारी कर रही है.
चक्का जाम, धरना और उग्र आंदोलन की चेतावनी
इस घटना के बाद राजगढ़ के गौ सेवकों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है. बजरंग दल के चेतराम गुर्जर ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही निराश्रित गोवंश को गौशालाओं में पहुंचाने और स्थायी समाधान की व्यवस्था नहीं की गई, तो चक्का जाम, धरना और उग्र आंदोलन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति बनने पर इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.
यह भी पढ़ें: Korba: कारगिल विजय दिवस पर शतरंज प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 150 से अधिक बच्चों ने लिया भाग
यह भी पढ़ें: विशेष HPV टीकाकरण सप्ताह 13 से 18 जुलाई तक हर पात्र बेटी तक HPV टीका पहुंचाने का लक्ष्य

Editor in Chief





