बरेली/स्वराज टुडे: उत्तर प्रदेश के बरेली में एक महिला ने दारोगा पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में शिकायत मिलने के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने आरोपी दारोगा नरेश बाबू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच एसपी साउथ अंशिका वर्मा को सौंपी गई है।
पहुंची थी पति के खिलाफ FIR दर्ज कराने
पीड़िता, जो बारादरी थाना क्षेत्र की रहने वाली है, ने बताया कि वर्ष 2022 से उसका अपने पति के साथ विवाद चल रहा है और वह अलग रह रही है। वर्ष 2025 में वह पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने बारादरी थाने पहुंची थी। वहीं उसकी मुलाकात दारोगा नरेश बाबू से हुई।
महिला का आरोप है कि दारोगा ने मदद का भरोसा देकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं। इसके बाद उसका घर आना-जाना शुरू कर दिया और प्रेम संबंध बना लिए। महिला का कहना है कि आरोपी उसे कई जगह घुमाने ले गया, होटलों में साथ रखा और शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए।
दरोगा निलंबित, जांच शुरू
पीड़िता का आरोप है कि अब दारोगा ने शादी करने से इनकार कर दिया है। इसके बाद उसने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने आरोपी दारोगा को निलंबित कर दिया है। साथ ही एसपी साउथ अंशिका वर्मा को पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Success Story: नीट में मिली 55वीं रैंक, एम्स से की MBBS की पढ़ाई, अब निखिल ने GATE में हासिल की AIR 1

Editor in Chief




