सहारनपुर/स्वराज टुडे: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गोचर महाविद्यालय के बाहर मंगलवार को 27 वर्षीय एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
रामपुर मनिहारान थाना के प्रभारी उम्मेद कुमार ने मीडिया को बताया कि शामली जिले के थाना बाबरी क्षेत्र निवासी शिवकुमार अपनी पत्नी आकांक्षा को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने गोचर महाविद्यालय लेकर आया था। शुरुआती जांच में पता चला कि युवक का साला अपने साथियों के साथ घटनास्थल पर आया और अपने बहनोई के सिर में बेहद करीब से गोली मार दी। मृतक ने चार महीने पहले ही आरोपी की बहन से प्रेम विवाह किया था।
उन्होंने बताया कि आकांक्षा परीक्षा देने कॉलेज के अंदर चली गई, जबकि शिवकुमार बाहर कार में बैठकर उसके लौटने का इंतजार कर रहा था। कुमार ने बताया कि इसी दौरान आकांक्षा का भाई मंजीत अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और तमंचे से शिवकुमार के सिर से सटाकर गोली मार दी। उन्होंने बताया कि शिवकुमार को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आकांक्षा ने पुलिस को बताया कि उसने चार महीने पहले शिवकुमार से प्रेम विवाह किया था।
शादी के बाद से ही उसके परिजन, खासकर भाई मंजीत, इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे और दोनों को लगातार धमकी दे रहे थे। आकांक्षा का आरोप है कि इसी कारण मंजीत ने शिवकुमार की हत्या की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसने बताया कि आकांक्षा के बयान के आधार पर मंजीत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और उसको गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: रेप के आरोप में फंसे कथावाचक पवन देव के समर्थन में आया कथित पीड़िता का सगा भाई, कही ऐसी बात कि हिल गयी पुलिस
यह भी पढ़ें: DU प्रोफेसर हत्याकांड: ‘पूरी प्लानिंग’ के तहत हुआ कत्ल! आरोपियों के घर मिला चौंकाने वाला सामान

Editor in Chief





