छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: शहर में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने एवं पार्किंग समस्या के स्थायी समाधान हेतु नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों का शहर के वरिष्ठ अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह द्वारा स्वागत करते हुए आयुक्त महोदय के प्रति आभार व्यक्त किया गया है।
उल्लेखनीय है कि निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय द्वारा चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों एवं पावर हाउस रोड के व्यापारियों के साथ आयोजित बैठक में मल्टीलेवल पार्किंग के संचालन एवं यातायात सुधार को लेकर महत्वपूर्ण सहमति बनी है।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पावर हाउस रोड क्षेत्र के सभी व्यापारी अपने वाहन मल्टीलेवल पार्किंग में ही खड़े करेंगे तथा वहां से ई-कार्ट के माध्यम से अपने प्रतिष्ठानों तक आवागमन करेंगे। साथ ही ग्राहकों को भी पार्किंग में ही वाहन खड़ा करने हेतु प्रेरित किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने हेतु बड़े वाहनों जैसे ट्रक, बस एवं ट्रैक्टर का उक्त मार्ग पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। वहीं मालवाहक वाहनों के लिए निर्धारित समय तय किया जाएगा, जिसमें ही वे आवागमन कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त दर्री रोड ओव्हरब्रिज से भी ट्रक, ट्रैक्टर एवं बसों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया है, तथा आवश्यक स्थिति में प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
बैठक में ई-कार्ट सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न व्यापारिक संस्थानों द्वारा सहयोग का आश्वासन दिया गया है, जिससे आमजन को आवागमन में सुविधा प्राप्त होगी।
अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह ने कहा कि उन्होंने पूर्व में भी निगम आयुक्त को पत्र लिखकर शहर में पार्किंग एवं यातायात अव्यवस्था की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित कराया था। इस दिशा में प्रशासन द्वारा त्वरित एवं सकारात्मक पहल किया जाना सराहनीय है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन से कोरबा शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा तथा आम नागरिकों एवं व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी।

Editor in Chief





