नई दिल्ली/स्वराज टुडे: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध के चौथे दिन मंगलवार को दोनों तरफ से जमकर हमले किए गए. ईरान में राजधानी तेहरान समेत कई इलाकों में दिन भर धमाके गूंजते रहे.
ईरान की मिसाइल फैक्ट्रियों पर इजरायल ने ताबड़तोड़ हमले किए. वहीं ईरान ने अपने हमले तेज करते हुए खाड़ी क्षेत्र में जगह-जगह हवाई अड्डों, बंदरगाहों और होटलों को भी निशाना बनाया. सऊदी अरब में अमेरिकी दूतावास पर भी हमला किया गया. आइए बताते हैं, इजरायल-ईरान युद्ध की 9 बड़े अपडेट्स-
1) इजराइली सेना ने ईरान के राष्ट्रपति कार्यालय पर हमला किया है. आईडीएफ ने कहा कि राष्ट्रपति कार्यालय और सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद पर भारी मात्रा में गोला-बारूद गिराए गए. इजरायल ने ईरान के उन औद्योगिक केंद्रों पर भीषण हमले किए हैं, जहां बैलिस्टिक मिसाइलें बनाई जाती थी. तेहरान का मेहराबाद एयरपोर्ट भी हमलों की चपेट में आया है.
2) ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने चेतावनी दी है कि वो अमेरिकी और इजरायली फौज पर हमले और तेज करेंगे, जिससे नर्क के द्वार खुलेंगे. IRGC के एक जनरल ने कहा कि -इजरायल के हमले जारी रहे तो ईरान मिडिल ईस्ट के सभी आर्थिक केंद्रों को निशाना बनाएगा. यदि ऐसा हुआ तो यह वैश्विक व्यापार और तेल आपूर्ति के लिए बड़ा खतरा हो सकता है. ईरान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से हस्तक्षेप की गुहार भी लगाई है.
3) युद्ध की वजह से ईरान में मरने वालों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है. ईरान की सरकारी मीडिया ईरानी रेड क्रिसेंट ने बताया कि अमेरिकी-इजरायली हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 787 हो चुकी है. घायलों की संख्या हजारों में है. ईरान के पवित्र शहर कोम में उस इमारत को भी निशाना बनाया है, जहां ईरान के नए सुप्रीम लीडर का चयन करने वाली आधिकारिक संस्था की बैठकें होती हैं.
4) जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज से मुलाकात के बात मीडिया से बातचीत में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से पूछा गया कि क्या इजरायल ने उनके ऊपर ईरान पर हमले के लिए दवाब डाला था. इस पर ट्रंप ने कहा- नहीं, एक्चुअली मैंने ही उस पर दबाव बनाया था. इससे पहले ट्रंप ने ईरान से बातचीत की संभावना खारिज करते हुए कहा कि ईरान की वायुसेना, नौसेना और रक्षा प्रणाली पूरी तरह खत्म हो चुकी है. ईरान बातचीत की गुहार लगा रहा है, लेकिन अब वक्त बीत निकल चुका है.
5) संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था IAEA ने पुष्टि की है कि ईरान के प्रमुख नतांज परमाणु केंद्र को हालिया हमलों में नुकसान पहुंचा है. हालांकि राहत की बात यह है कि अभी तक किसी भी प्रकार के रेडियोएक्टिव रेडिएशन फैलने की संभावना से इनकार किया गया है. नतांज ईरान का सबसे बड़ा यूरेनियम एनरिचमेंट प्लांट है.
6) ईरान ने सऊदी अरब में स्थित अमेरिकी दूतावास पर दो ड्रोन से हमले किए. इसके बाद एंबेसी को बंद कर दिया गया. इससे पहले कुवैत में अमेरिकी दूतावास पर भी हमला हुआ था. अमेरिका ने सऊदी अरब, कुवैत और बेरुत में अबने दूतावास बंद कर दिए हैं.
7) इजरायल ने लेबनान में अपनी जमीनी सेना उतार दी है और दक्षिण में कई जगहों पर कब्जा कर लिया है. 2024 में समझौते के बाद इजरायल की सेना पहली बार घुसी है. आईडीएफ ने एक दिन में दक्षिणी लेबनान में आतंकी संगठन हिज्बुल्लाह के 160 से अधिक ठिकानों पर हमले किए हैं. हिज़्बुल्लाह के हथियार निर्माण के प्रमुख और ईरानी कुद्स फोर्स में लेबनान कोर के चीफ ऑफ स्टाफ रजा खुज़ाई को मार गिराया है.
7) ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर ने साइप्रस में यूके के सैन्य अड्डे पर ईरान के ड्रोन अटैक के बाद वहां अपना युद्धपोत तैनात करने का फैसला किया है. स्टार्मर ने कहा कि हम वहां अपना युद्धपोत भेज रहे हैं. एंटी ड्रोन हेलीकॉप्टर भी तैनात किए जा रहे हैं.
8) ईरान युद्ध की वजह से मंगलवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर 80 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. मिडिल ईस्ट और फारस की खाड़ी में बिगड़े हालात को देखते हुए इंडिगो ने फंसे भारतीयों को निकालने के लिए अपनी उड़ानें शुरू कर दी हैं. एयर इंडिया का विमान दुबई से भारतीयों को लेकर पहुंचा. ईरान में भारतीय दूतावास ने बताया कि ज्यादातर भारतीय छात्रों को तेहरान से बाहर पहुंचा दिया गया है.
9 ) ईरान युद्ध की वजह से कच्चे तेल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं. ब्रेंट क्रूड ऑयल के दाम बढ़कर 85 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गए, जो जुलाई 2024 के बाद सर्वोच्च स्तर है. अमेरिकी शेयर बाजारों में तेज गिरावट आई. वॉल स्ट्रीट फ्यूचर्स 2 पर्सेंट तक गिर गया. डाउ जोंस और नास्डैक 1.8 प्रतिशत लुढ़क गया.
यह भी पढ़ें: एक पेड़ माँ के नाम और सारा जंगल मेरे नाम; सिंगरौली में गौतम अडानी को दी 06 लाख पेड़ काटने की परमीशन !
यह भी पढ़ें: Pune news: स्पा सेंटर में पुलिस ने मारा छापा, घबराहट में बिल्डिंग से कूद गई एक लड़की, हुई मौत






