छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: लगातार हो रही झमाझम बारिश ने कोरबा शहर के कई हिस्सों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। इसी बीच कोरबा नगर निगम अंतर्गत ढेंगुरनाला, बरपारा एवं आसपास के क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से हुई तेज वर्षा के कारण गंभीर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। नदी-नाले के समीप बसे इस इलाके में पानी घरों के भीतर तक पहुंच गया, जिससे स्थानीय नागरिकों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जलभराव की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद नरेंद्र देवांगन बिना देर किए भारी बारिश के बीच स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया, अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों से तत्काल समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं कराईं और जल निकासी की दिशा में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की। लगातार निगरानी के बाद जलभराव की समस्या का समाधान हुआ, जिससे क्षेत्रवासियों ने बड़ी राहत की सांस ली।

स्थानीय नागरिकों ने पार्षद नरेंद्र देवांगन की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि वे केवल जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह हर सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। नागरिकों का कहना है कि वार्ड में बिजली, सड़क, नाली, जलभराव अथवा किसी भी प्रकार की समस्या सामने आते ही वे स्वयं मौके पर पहुंचकर गंभीरता से स्थिति का जायजा लेते हैं और समाधान कराने का हर संभव प्रयास करते हैं। यही कारण है कि वार्डवासियों का उन पर विश्वास लगातार मजबूत होता जा रहा है।

बारिश जैसी विषम परिस्थितियों में भी सक्रिय रहकर आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए किए गए त्वरित प्रयासों ने यह संदेश दिया कि जनप्रतिनिधि की वास्तविक पहचान संकट की घड़ी में जनता के बीच उपस्थित रहने से बनती है। ढेंगुरनाला कोहड़िया में समय रहते किए गए हस्तक्षेप से न केवल जलभराव की समस्या कम हुई, बल्कि लोगों को राहत भी मिली और क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल होने लगी।
यह भी पढ़ें: जिला अस्पताल में कैंटीन के समीप निकला जहरीला नाग, जितेंद्र सारथी की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
यह भी पढ़ें: अग्निवीर योजना में हो सकता है बड़ा बदलाव, तीनों सेनाओं ने परमानेंट भर्ती बढ़ाने का दिया सुझाव

Editor in Chief




