मध्यप्रदेश
मैहर/स्वराज टुडे: शहर के सबसे व्यस्त स्टेट बैंक चौराहे पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक हिंदू युवती और मुस्लिम युवक को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और चौराहे पर घंटों तक हंगामे जैसा माहौल बना रहा। घटना को लेकर पूरे शहर में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक और युवती को साथ देख कुछ लोगों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद युवती के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का आरोप था कि युवक युवती को अपने साथ लेकर आया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। भीड़ बढ़ने से कुछ देर के लिए यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर के इतने संवेदनशील और व्यस्त इलाके में काफी देर तक विवाद चलता रहा, लेकिन पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। लोगों ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पुलिस तत्काल पहुंचती तो स्थिति बिगड़ने से पहले नियंत्रित की जा सकती थी। घटना के बाद शहर में बेटियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
कुछ संगठनों और स्थानीय लोगों ने मामले को लव जिहाद से जोड़ते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि प्रशासन और पुलिस की ओर से अभी तक किसी भी धार्मिक या आपराधिक एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि बाद में युवती के परिजन उसे अपने साथ घर ले गए। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: ज्वालामुखी की खौफनाक लपटों से भी बच जाता है यह मंदिर, जानें बाली द्वीप के 2000 साल पुराने देवालय का रहस्य
यह भी पढ़ें: देश में 47,000 बच्चे लापता ! SC का पुलिस को आदेश- ‘गुमशुदगी की खबर मिलते ही तुरंत दर्ज हो FIR’

Editor in Chief






