छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: कोरबा प्रेस क्लब के वर्ष 2026-28 की निर्वाचित कार्यकारिणी की प्रथम बैठक तिलक भवन में आयोजित की गई। प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री नौशाद खान की अध्यक्षता एवं कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की उपस्थिति में हुई इस बैठक में क्लब के विकास, सदस्यों के कल्याण और अनुशासन को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक की सबसे खास बात यह रही कि प्रेस क्लब के सदस्यों के लिए आकस्मिक उपचार सहायता निधि को पहले से अधिक मजबूत बनाने के साथ ही पत्रकार वार्ता के दौरान अमर्यादित ढंग से व्यवहार करने वाले और संस्था विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने वाले लोगों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने का निर्णय लिया गया है।
सदस्यों के लिए आकस्मिक उपचार सहायता राशि में वृद्धि
पत्रकार साथियों के स्वास्थ्य और संकट के समय मदद के हाथ बढ़ाते हुए किसी सदस्य को आकस्मिक उपचार की आवश्यकता होने पर दी जाने वाली तात्कालिक सहायता राशि को 5,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया है।
संस्था विरोधी गतिविधियों पर होगी सख्त कार्यवाही
बैठक में संस्था विरोधी गतिविधियों पर गहन चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि कोरबा प्रेस क्लब के संबंध में संस्था विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने वाले, संस्था को नुकसान पहुंचाने वाले सदस्यों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्लब के ऐसे सदस्यों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा, आगे अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
पत्रकार वार्ता की मर्यादा और सवालों के नियम तय
प्रेस क्लब के तिलक भवन या प्रेस क्लब के माध्यम से बाहर आयोजित होने वाली पत्रकार वार्ताओं की गरिमा बनाए रखने के लिए सख्त नियम बनाए गए हैं, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कोई भी सदस्य एक या अधिकतम दो सवाल ही करेंगे, ताकि सभी उपस्थित पत्रकारों को सवाल पूछने का समान अवसर मिल सके।
मर्यादा तोड़ने पर नोटिस
यदि कोई सदस्य प्रेस वार्ता या सार्वजनिक स्थलों पर क्लब के साथियों या आगंतुकों के साथ अमर्यादित ढंग से सवाल-जवाब या अभद्र व्यवहार करता है, तो उसे तत्काल नोटिस जारी किया जाएगा।
सामूहिक दुर्घटना बीमा योजना
प्रेस क्लब के सभी सदस्यों के हित में सर्वसम्मति से सामूहिक दुर्घटना बीमा कराने का निर्णय लिया गया। वहीं शांतिदेवी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा किसी भी सदस्य के निधन पर उनके परिवार को 25 हजार रुपये की तत्कलिक आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
नवीन सदस्यता के लिए पात्रता परीक्षण
प्रेस क्लब में नए सदस्यों को शामिल करने की प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि क्लब के नियमावली के अनुसार शीघ्र ही नए सिरे से आवेदन लिए जाएंगे, प्रबंध कार्यकारिणी आवेदन की जांच-समीक्षा करेगी एवं पात्रता परीक्षण के बाद ही सदस्यता प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उदेश्य के अनुसार भवन का उपयोग
प्रेस क्लब के तिलक भवन परिसर में उदेश्य के अनुसार भवन का उपयोग पर चर्चा हुई जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि परिसर में स्थित पुस्तकालय में केवल पुस्तकालय का संचालन होगा पत्रकार गृह निर्माण मर्यादित समिति का कार्यालय संचालित नहीं होगा, हालांकि समिति के कार्यकारिणी की बैठक व सामान्य सभा के लिए पूर्व की तरह सूचना मिलने पर तिलक भवन का सभागार उपलब्ध कराया जाएगा।
निष्कर्ष और उपस्थिति
बैठक के अंत में नवीन प्रबंध कार्यकारिणी ने कहा कि यह कार्यकारिणी पूरी तरह से पत्रकारों के हितों, उनके सम्मान और क्लब के अनुशासन के लिए प्रतिबद्ध है। निष्पक्ष पत्रकारिता और सदस्यों के कल्याण के कार्य निरंतर जारी रहेंगे। बैठक में प्रेस क्लब के सभी नवीन पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Editor in Chief





