बारात में उड़ाए गए नोट उठा रहा था झुग्गी बस्ती का मासूम साहिल, गुस्साए CISF के जवान ने सिर पर गोली मारकर कर दी हत्या

- Advertisement -

दिल्ली/स्वराज टुडे: दिल्ली के शाहदरा इलाके में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई थी। एक शादी समारोह में खाना के लालच में 14 साल का साहिल पहुंचा था। किसी बाहरी को शादी में घुसते देख CISF के एक हेड कॉन्स्टेबल का पारा इतना चढ़ गया कि उसने पहले उसे जमकर पीटा और फिर सिर पर गोली मारकर उसकी कथित तौर पर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि साहिल पास की झुग्गी बस्ती में रहता था। घटना एमएस पार्क स्थित कम्युनिटी सेंटर में हुई, जहां शादी चल रही थी।

बारात में जमकर नोट उड़ा रहे थे बाराती

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक लड़का झुग्गी बस्ती में रहता था। उसके पिता सिराजुद्दीन दिहाड़ी मजदूर हैं। शनिवार रात साहिल अपने छोटे भाई और दोस्तों के साथ मानसरोवर पार्क स्थित सामुदायिक भवन में बारात देखने पहुंचा था। रात करीब दस बजे बारात में घुड़चढ़ी चल रही थी और लोग नाचते हुए नोट उड़ा रहे थे। साहिल भी बच्चों के साथ नोट उठाने लगा। इसी पर नाराज होकर बारात में शामिल सीआईएसएफ हेडकांस्टेबल मदन गोपाल तिवारी ने उसे पकड़ कर पीटा और फिर जेब से पिस्टल निकालकर उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही साहिल जमीन पर गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपी जवान गिरफ्तार, सर्विस पिस्तौल भी जब्त

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मदन गोपाल तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी की पोस्टिंग उत्तर प्रदेश में है। पुलिस ने उसके पास से पिस्तौल भी बरामद कर ली है। पुलिस अधिकारी ने बताया, “14 साल के लड़के को गोली मारने की घटना सामने आई है। शुरुआती जानकारी में कहा जा रहा है कि उसकी कुछ लोगों से कहासुनी हुई थी। हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।”

दीपक साहू

संपादक

- Advertisement -

Must Read

- Advertisement -

Related News

- Advertisement -