नई दिल्ली/स्वराज टुडे: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा, नीट यूजी 2026 का बिगुल बज चुका है. एनटीए के परीक्षा कैलेंडर के अनुसार, नीट यूजी परीक्षा 03 मई 2026 को ऑफलाइन मोड में होगी.
भारत के टॉप मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस (MBBS), बीडीएस और अन्य आयुष कोर्सेस में दाखिले के लिए होने वाली इस परीक्षा में 25 लाख से अधिक उम्मीदवारों के बैठने की उम्मीद है. नीट यूजी 2026 परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:20 बजे के बीच होगी.
नीट यूजी से पहले परीक्षा पैटर्न, मार्किंग स्कीम और रिवाइज्ड सिलेबस समझना जरूरी है. हाल के सालों में एनटीए ने नीट यूजी सिलेबस में कुछ बदलाव किए हैं. इसमें एनसीईआरटी (NCERT) के नए सिलेबस के हिसाब से कुछ चैप्टर्स को हटाया या जोड़ा गया है. निगेटिव मार्किंग और सेक्शन बी के विकल्पों का सही चुनाव ही जीत और हार के बीच का अंतर तय करेगा. जानिए नीट यूजी 2026 परीक्षा में सफल होने के लिए इसकी फाइनल तैयारी कैसे करें.
NEET UG Exam Pattern: नीट यूजी परीक्षा पैटर्न 2026
नीट यूजी 2026 कुल 720 अंकों की परीक्षा होगी. इसमें तीन मुख्य विषय- भौतिक विज्ञान (Physics), रसायन विज्ञान (Chemistry) और जीव विज्ञान (Biology – Botany & Zoology) शामिल हैं. हर विषय को दो खंडों में बांटा गया है:
- सेक्शन ए: इसमें 35 अनिवार्य प्रश्न होते हैं.
- सेक्शन बी: इसमें 15 प्रश्न होते हैं, जिनमें से किन्हीं 10 प्रश्नों का उत्तर देना होता है. यह विकल्प कठिन प्रश्न छोड़ने की आजादी देता है.
NEET UG Marking Scheme: नीट यूजी 2026 मार्किंग सिस्टम
नीट परीक्षा में सटीकता ही सफलता की कुंजी है. नीट यूजी मार्किंग स्कीम नीचे समझ सकते हैं:
- हर सही उत्तर के लिए +4 अंक दिए जाते हैं.
- हर गलत उत्तर के लिए -1 अंक (निगेटिव मार्किंग) काटा जाता है.
- बिना हल किए गए प्रश्नों के लिए कोई अंक नहीं कटता.
नीट यूजी में एक-एक अंक से हजारों रैंक का अंतर आ जाता है. इसलिए एस्पिरेंट्स को सलाह दी जाती है कि वे तुक्का मारने से बचें.
NEET UG Syllabus: नीट यूजी सिलेबस में क्या पढ़ें और क्या छोड़ें?
एनटीए ने नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के सुझावों के आधार पर सिलेबस अपडेट किया है. अब मुख्य फोकस NCERT की नई किताबों पर है.
- बायोलॉजी: इस सेक्शन में जेनेटिक्स, ईकोलॉजी और ह्यूमन फिजियोलॉजी जैसे चैप्टर्स का वेटेज अधिक रहता है.
- फिजिक्स: मैकेनिक्स और इलेक्ट्रोडायनामिक्स से वैचारिक सवाल पूछे जाते हैं.
- केमिस्ट्री: ऑर्गेनिक केमिस्ट्री के रिएक्शंस और इनऑर्गेनिक के फैक्ट्स स्कोरिंग होते हैं.
NEET UG Preparation Tips: नीट यूजी 2026 की फाइनल तैयारी कैसे करें?
नीट यूजी परीक्षा 2026 में अब ज्यादा समय नहीं बचा है. फाइनल तैयारी के लिए स्टूडेंट्स नीचे लिखे टिप्स आजमा सकते हैं:
- नीट यूजी मॉक टेस्ट: हफ्ते में कम से कम दो फुल-लेंथ मॉक टेस्ट दें. इससे टाइम मैनेजमेंट सुधारने में मदद मिलेगी.
- रिवीजन: नए टॉपिक्स पढ़ने के बजाय पुराने नोट्स और फॉर्मूला शीट्स को बार-बार रिवाइज करें.
- पिछले वर्षों के पेपर (PYQs): पिछले 10 साल के नीट यूजी पेपर हल करने से प्रश्नों का पैटर्न समझना आसान हो जाएगा.
नीट यूजी परीक्षा के दिन क्या करें?
एनटीए ड्रेस कोड के मामले में बहुत सख्ती बरतता है. नीट यूजी 2026 परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को हल्के कपड़े, आधी आस्तीन वाली शर्ट/टी-शर्ट और बिना हील वाली चप्पल पहनने की सलाह दी जाती है. बड़े बटन, जूते और धातु के गहने पूरी तरह प्रतिबंधित हैं. नीट यूजी 2026 एडमिट कार्ड के साथ एक वैध फोटो आईडी प्रूफ ले जाना अनिवार्य है.
यह भी पढ़ें: Delhi: दिल्ली सरकार का नया फरमान, स्कूलों में शैक्षणिक घंटों के दौरान वीडियो बनाने पर लगा प्रतिबंध
यह भी पढ़ें: बर्ड फ्लू को लेकर जिले में भी अलर्ट जारी, पोल्ट्री फार्म व प्रवासी पक्षियों की निगरानी के निर्देश जारी

Editor in Chief


