मुम्बई/स्वराज टुडे: महाराष्ट्र के मुंबई में कैंसर से जूझ रही अपनी बहन को ठीक कराने की उम्मीद में एक महिला ठगी का शिकार हो गई. आरोप है कि दो फर्जी बाबाओं ने धार्मिक अनुष्ठानों के जरिए कैंसर ठीक करने का भरोसा देकर उससे 69.30 लाख रुपये ठग लिए।
बहन की हालत में सुधार नहीं होने और आरोपियों की ओर से और पैसे मांगने पर महिला को ठगी का एहसास हुआ. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता 60 वर्षीय महिला है. वह अपनी 51 वर्षीय बहन के कैंसर का इलाज कराने के लिए परेशान थी. इसी दौरान एक विज्ञापन देखकर वह राजशेखर शास्त्री और गुरुजी आदित्यनाथ उर्फ बाबू गुरुजी के संपर्क में आई. दोनों ने दावा किया कि धार्मिक अनुष्ठानों और विशेष पूजा-पाठ से उसकी बहन की बीमारी ठीक हो सकती है.
महिला को अपनी बहन के ठीक होने की उम्मीद थी. इसी भरोसे में उसने आरोपियों की बातों पर विश्वास कर लिया. पुलिस के अनुसार, दोनों ने जून 2025 से जून 2026 के बीच महिला से अलग-अलग किस्तों में पैसे लिए.
काले जादू का डर दिखाकर दिलाया शक्तियों का भरोसा
आरोप है कि दोनों स्वयंभू बाबाओं ने महिला से कहा कि उसकी बहन का घर काले जादू से प्रभावित है. इस समस्या को दूर करने के लिए विशेष धार्मिक अनुष्ठान करने की जरूरत बताई गई. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपियों ने महिला को अपनी कथित शक्तियों का विश्वास दिलाने के लिए एक तरकीब का सहारा लिया. उन्होंने काले धागे से सील किए गए स्टील के डिब्बे में रखे नींबू के साथ कुछ ऐसा किया, जिससे महिला उनके दावों पर भरोसा करने लगी.
इसके बाद महिला को बताया गया कि उसकी बहन की बीमारी दूर करने के लिए विशेष पूजा-पाठ कराना जरूरी है. इसी बहाने उससे लगातार पैसे लिए जाने लगे.
48 मंडल और ग्रहों की पूजा के नाम पर वसूली
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महिला से 48 मंडल और ग्रहों की पूजा कराने के नाम पर रकम मांगी. उन्होंने दावा किया कि ये अनुष्ठान असम के कामाख्या मंदिर और उत्तर प्रदेश के काशी विश्वनाथ मंदिर में किए जाएंगे. महिला ने अपनी बहन के ठीक होने की उम्मीद में किस्तों में कुल 68 लाख रुपये नकद दे दिए. इसके अलावा, उसने 1.30 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन भी आरोपियों को सौंप दी. इस तरह कथित ठगी की कुल रकम 69.30 लाख रुपये हो गई.
हालांकि, इन पूजा-पाठ के बावजूद महिला की बहन की हालत में सुधार होने के बजाय बिगड़ती गई. इसके बावजूद आरोपियों ने आगे के अनुष्ठानों के लिए और पैसे मांगने शुरू कर दिए.
पैसे देने से इनकार करने पर पूजा बेअसर होने की चेतावनी
आरोप है कि दोनों बाबाओं ने महिला को चेतावनी दी कि यदि उसने आगे पैसे देने से मना किया, तो पहले कराई गई पूजा का असर खत्म हो जाएगा. इस तरह उसे लगातार भुगतान करने के लिए दबाव में रखा गया. आखिरकार महिला को एहसास हुआ कि बीमारी ठीक करने के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी की गई है. इसके बाद वह पुलिस के पास पहुंची और शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने राजशेखर शास्त्री और गुरुजी आदित्यनाथ उर्फ बाबू गुरुजी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. मामले की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने महिला को किस तरह अपने झांसे में लिया और कथित ठगी को कैसे अंजाम दिया.

Editor in Chief

