उत्तरप्रदेश
सहारनपुर/स्वराज टुडे: थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. 14 वर्षीय एक नाबालिग बालक के अपहरण के बाद उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
सामान लेने बाहर गया था बच्चा
पुलिस के अनुसार, घटना 1 मई 2026 की है. केशवनगर नुमाइश कैंप निवासी ज्योति ने अपने 14 वर्षीय बेटे के घर से सामान लेने के लिए बाहर जाने के बाद वापस न लौटने पर थाना कोतवाली नगर में गुमशुदगी की सूचना दी थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच के लिए पांच विशेष टीमें गठित की गईं. जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में एक महिला नाबालिग को स्कूटी पर अपने साथ ले जाती दिखाई दी.
ऐसे पकड़ी गई आरोपी महिला
पहचान के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला पूजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. आरोपी ने बताया कि पुरानी रंजिश और पैसों के लेन-देन के विवाद के चलते उसने बदला लेने की नीयत से बच्चे का अपहरण किया और बाद में अंबाला-सहारनपुर रोड स्थित बड़ी नहर में धक्का दे दिया.
इसके बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया. नहर का पानी बंद कराए जाने के बाद करीब 14 घंटे की मशक्कत के पश्चात 3 मई की सुबह नाबालिग का शव बरामद कर लिया गया.
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है. इस घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है. पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढ़ें: Aman Kumar Sharma Suicide: रसूख और रिश्तों की उलझी कहानी, जज की खुदकुशी ने सिस्टम पर उठाए सवाल
यह भी पढ़ें: पोड़ीबहार में रात को नेवले की एंट्री से मचा हड़कंप, RCRS टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

Editor in Chief





