छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: कुसमुंडा कोयला खदान में सोमवार की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। खदान के भीतर एक निजी कंपनी के भारी वाहन की चपेट में आने से ठेका श्रमिक प्रेमसिंह धुर्वे की मौत हो गई है। इस हादसे के बाद खदान प्रबंधन और स्थानीय पुलिस की ओर से मामले में चुप्पी साध ली गई है, जिससे घटना को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार सोमवार रात खदान के भीतर काम के दौरान किसी निजी ठेका कंपनी के वाहन ने कबीरधाम (पंडरिया) जिले के ग्राम बिछिया निवासी प्रेमसिंह को बुरी तरह कुचल दिया। हादसे के बाद श्रमिक काफी देर तक जीवित था और दर्द से तड़प रहा था। उसे आनन-फानन में कोरबा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मंगलवार की शाम शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल की शव गृह में रखवा दिया गया है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद मामले को दबाने की कोशिशें शुरू हो गई थीं। मौके पर मौजूद अन्य कर्मियों और प्रत्यक्षदर्शियों को मोबाइल से फोटो या वीडियो बनाने से सख्ती से रोक दिया गया। वहीं एसईसीएल प्रबंधन ने इस मामले में पूरी तरह मौन धारण कर रखा है।

अस्पताल पुलिस चौकी के मुताबिक मृतक प्रेमसिंह के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद आज बुधवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इस हादसे ने एक बार फिर खदान के भीतर सुरक्षा इंतजामों और भारी वाहनों की अंधाधुंध आवाजाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मृतक श्रमिक एसईसीएल के अंतर्गत किस निजी ठेका कंपनी में नियोजित था और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते यह हादसा कैसे हुआ। मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: Success Story: नीट में मिली 55वीं रैंक, एम्स से की MBBS की पढ़ाई, अब निखिल ने GATE में हासिल की AIR 1

Editor in Chief




