छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: छत्तीसगढ़ में बढ़ते बिजली बिलों और स्मार्ट मीटरों को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बिजली दरों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को जनता पर आर्थिक हमला बताया है। कोरबा के टी.पी.नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर उपभोक्ताओं को महंगे बिजली बिलों के जरिए लूटने का आरोप लगाया।
बढ़ते बिजली बिलों और स्मार्ट मीटरों को लेकर सियासत

सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री नोवेल वर्मा, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल और रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया के अलावा बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी और समर्थक उपस्थित रहे। इस दौरान पूर्व मंत्री नोवेल वर्मा ने प्रदेश की भाजपा सरकार को बिजली दरों के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिजली की दरों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं, व्यापारियों और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
उन्होंने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश के कई उपभोक्ताओं को सामान्य से तीन से चार गुना अधिक बिजली बिल मिल रहे हैं। साथ ही उपभोक्ताओं की अनुमति के बिना लोड क्षमता बढ़ाने जैसे मामलों की शिकायतें सामने आ रही हैं।
स्मार्ट मीटर का मुद्दा गरमाया

स्मार्ट मीटरों को लेकर भी पूर्व मंत्री नोवेल वर्मा एवं जयसिंह अग्रवाल ने गंभीर आरोप लगाए है। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर वास्तविक खपत से अधिक बिजली उपयोग दर्ज कर रहे हैं, जिसके कारण उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बिल और अर्थदंड का बोझ डाला जा रहा है। बिजली बिल का भुगतान नहीं कर पाने की स्थिति में उनके घरों की लाइन काट दी जा रही है । कांग्रेस का दावा है कि प्रदेशभर से स्मार्ट मीटरों की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। भाजपा सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि पुराने मीटरों की जगह स्मार्ट मीटर लगाने के पीछे उनकी क्या मंशा है। क्या गरीबों की जेब पर डाका डालने के लिए स्मार्ट मीटर लगाया गया है ?

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी, बिजली बिल हाफ योजना का बंद होना और स्मार्ट मीटरों के जरिए अधिक खपत दर्ज करना ऐसे मुद्दे हैं जिससे जनता की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है। पार्टी ने सरकार से स्मार्ट मीटर व्यवस्था की समीक्षा करने और बढ़े हुए बिजली बिलों से जनता को राहत देने की मांग की है। इसके अलावा बढ़ती महंगाई को लेकर भी कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है । उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर यही हाल रहा तो प्रदेश की जनता अगले चुनाव में बाहर का रास्ता दिखा देगी । भाजपा सरकार अगर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो कांग्रेस प्रदेश स्तर पर आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

Editor in Chief















