छत्तीसगढ़
रायपुर/स्वराज टुडे: रायपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गणेश मंदिर के पास एक आठवीं कक्षा के छात्र पर उसके स्कूल के 9वीं कक्षा के छात्र द्वारा चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। प्रकरण में संरक्षण की आवश्यकता वाले बालक एवं विधि से संघर्षरत बालक सभी नाबालिग होने के कारण उनके नाम गोपनीय रखे गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संरक्षण की आवश्यकता वाले बालक का पूर्व में अपने स्कूल में पढ़ने वाले अन्य बालकों के साथ विवाद हुआ था, जिसके बाद विधि से संघर्षरत बालकों द्वारा उसे देख लेने की धमकी दी गई थी। दिनांक 06.04.2026 को वार्षिक परीक्षा समाप्त होने के बाद बालक अपने घर जा रहा था, तभी गणेश मंदिर के पास पहले से मौजूद दो विधि से संघर्षरत बालकों ने उसे रोक लिया। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों ने बालक से विवाद करते हुए गाली-गलौज की तथा मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक बालक ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की, वहीं दूसरे ने अपने पास रखे चाकू से पेट पर वार करने का प्रयास किया। बालक द्वारा बचाव करने पर उसके पैर में चोट आई। घटना के बाद दोनों बालक मौके से फरार हो गए। जानकारी मिलते ही पुलिस ने घायल अवस्था में एक बालक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
घटना की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में धारा 296, 115(2), 109(1), 351(2), 3(5) BNS के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस द्वारा दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है, जिन्हें विधिसम्मत कार्यवाही उपरांत जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है तथा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
दो बालकों के पास से धारदार चाकू बरामद
रायपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रंग मंदिर के पास गांधी मैदान क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लेकर घूमने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिससे आमजन में भय का वातावरण निर्मित हो रहा था। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया।
तलाशी के दौरान दोनों बालकों के पास से धारदार चाकू बरामद किए गए। उक्त बालकों द्वारा चाकू रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इस पर थाना सिटी कोतवाली में आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई।
दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को विधिसम्मत कार्यवाही उपरांत जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया जहां से उन्हें बाल संप्रेषण गृह दाखिल कराया गया है।
रायपुर पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध अभियान स्तर पर सतत कार्रवाई की जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु इस प्रकार की कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें: Mumbai: 38 साल की लेडी टीचर के जाल में कैसे फंसा 11वीं का छात्र ! पढ़िए एक शिक्षिका की डर्टी स्टोरी







