बिहार
कटिहार/स्वराज टुडे: जिस घर में एक दिन पहले शहनाइयां गूंज रही थीं. जहां नई दुल्हन के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई. रिसेप्शन पार्टी में दूल्हा-दुल्हन के साथ तस्वीरें खिंचवाई जा रही थीं.
मेहमान धीरे-धीरे खाना खाकर लौट रहे थे. तभी फोटोशूट खत्म होने के बाद दूल्हा अचानक स्टेज पर ही गिर पड़ा. परिवार के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. दूल्हे को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. यह दर्दनाक घटना कटिहार के पोठिया थाना क्षेत्र के पोठिया बाजार की है. मृतक की पहचान डॉक्टर पवन कुमार के रूप में हुई है. वह मूल रूप से पोठिया बाजार के वार्ड नंबर 13 के निवासी थे और पटना में पदस्थापित थे. उनकी शादी 25 नवंबर को पड़ोस के गांव चांदपुर में हुई थी. इसके अगले दिन यानी 26 नवंबर को घर पर दूल्हा-दुल्हन के स्वागत में रिसेप्शन पार्टी रखी गई थी. इस समारोह में बड़ी संख्या में रिश्तेदार, परिचित और गांव के लोग शामिल हुए थे.
फोटोशूट खत्म होते ही स्टेज पर गिर पड़े डॉक्टर पवन
परिवार के मुताबिक रिसेप्शन पार्टी में ज्यादातर मेहमान खाना खाकर जा चुके थे. कार्यक्रम लगभग खत्म होने वाला था. इसी दौरान दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर फोटोशूट करा रहे थे. फोटो खिंचवाने के बाद जैसे ही डॉक्टर पवन नीचे उतरने लगे. वह अचानक जमीन पर गिर पड़े. कुछ पल पहले तक जो दूल्हा अपनी नई जिंदगी की खुशियों में शामिल था, उसे इस हालत में देखकर परिवार के लोग घबरा गए. मृतक के बड़े भाई श्रवण कुमार ने बताया कि पवन के गिरते ही परिजनों ने उन्हें संभालने की कोशिश की. उन्हें सीपीआर भी दिया गया. इसके बाद उनके मुंह से खून निकलने लगा. परिवार के लोगों ने तुरंत उनका ब्लड प्रेशर चेक कराया, लेकिन रीडिंग नहीं मिली. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए फलका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
पूर्णिया ले जाने की सलाह, रास्ते में ही टूट गई सांसें
श्रवण कुमार के मुताबिक फलका पीएचसी में डॉक्टरों ने पवन की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जल्द से जल्द पूर्णिया ले जाकर ईसीजी कराने की सलाह दी. परिवार के लोग बिना देर किए उन्हें पूर्णिया लेकर निकले. वहां पहुंचने पर उनकी नब्ज और ईसीजी में कोई गतिविधि नहीं मिली. डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
न कोई पुरानी बीमारी, न पहले से कोई संकेत
श्रवण कुमार ने बताया कि पवन को पहले से कोई बीमारी नहीं थी. परिवार के लोगों ने भी कभी उनकी तबीयत को लेकर ऐसी आशंका नहीं जताई थी. वह खुद भी डॉक्टर थे और बीएचएमएस की पढ़ाई की थी. अचानक इस तरह उनकी मौत से परिवार के लोग सदमे में हैं. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि डॉक्टर पवन की मौत गंभीर कार्डियक अटैक के कारण हुई होगी. इसकी मेडिकल पुष्टि नहीं हुई है. मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि चिकित्सकीय जांच के बाद ही हो सकेगी.
24 घंटे पहले दुल्हन बनकर आई थी, अब घर में पसरा मातम
जिस घर में 25 नवंबर को शादी के बाद खुशियां मनाई गई थीं, उसी घर में 26 नवंबर की रात मातम पसर गया. नई दुल्हन के स्वागत के लिए आयोजित रिसेप्शन पार्टी परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गई. जिस स्टेज पर कुछ देर पहले दूल्हा-दुल्हन ने साथ तस्वीरें खिंचवाई थीं. वहीं दूल्हे के अचानक गिरने से सबकुछ बदल गया. डॉक्टर पवन की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. शादी के महज 24 घंटे के भीतर दूल्हे की मौत ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है. जिस घर में नई जिंदगी की शुरुआत का जश्न मनाया जा रहा था. वहां अब हर तरफ सन्नाटा और अपनों को खोने का दर्द है.
यह भी पढ़ें: शिक्षा विभाग में बंपर भर्ती, ग्रेजुएट युवाओं को मिलेगा मौका, आवेदन की अंतिम तिथि 30 दिसंबर 2026
यह भी पढ़ें: Surajpur: भाजपा नेता व पार्षद मुकेश गर्ग पर धमकी, बंधक और दबाव बनाने का आरोप….कलेक्टर-एसपी से शिकायत

Editor in Chief





















