छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: मध्यप्रदेश के सिवनी में पुलिस अधिकारियों से जुड़े वायरल वीडियो और उसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी चंद्रेश मरकाम के निलंबन की कार्रवाई ने पूरे देश में पुलिस की कार्यप्रणाली, जवाबदेही और आम नागरिकों के मौलिक अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह अधिवक्ता कोरबा ने कहा कि सिवनी की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और एक आजाद लोकतांत्रिक देश के लिए झकझोर देने वाली है। यह घटना केवल दो पुलिस अधिकारियों के निलंबन तक सीमित नहीं है, बल्कि हमें यह सोचने पर मजबूर करती है कि जिन अधिकारियों के कंधों पर नागरिकों की सुरक्षा और कानून का पालन कराने की जिम्मेदारी है, यदि उन्हीं के आचरण पर इस तरह के गंभीर सवाल उठने लगें तो आम नागरिक न्याय और सुरक्षा की उम्मीद किससे करेगा?
उन्होंने कहा कि मन में एक गंभीर सवाल उठता है कि यदि किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ इस प्रकार का व्यवहार किया जाता है, तो उसके जीवन, परिवार और सामाजिक प्रतिष्ठा पर क्या प्रभाव पड़ता होगा? न जाने ऐसे कितने मामले होंगे जिनमें किसी व्यक्ति को पुलिस की कथित मनमानी के कारण मानसिक, सामाजिक और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ा होगा। किसी व्यक्ति की गरिमा और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना केवल एक व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार को प्रभावित करने वाली घटना होती है।
क्या हम आजाद भारत में भी नागरिक अधिकारों की ऐसी ही कल्पना करते हैं?
श्री सिंह ने कहा कि कभी-कभी ऐसी घटनाओं को देखकर मन में यह सवाल उठता है कि क्या अंग्रेजों के शासनकाल में पुलिस का अत्याचार इससे भी अधिक था? आखिर आजादी के 79 वर्षों बाद भी यदि नागरिक को पुलिस के सामने अपने सम्मान, स्वतंत्रता और मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए चिंतित होना पड़े, तो यह व्यवस्था के लिए आत्ममंथन का विषय है।
भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार देता है। पुलिस को कानून लागू करने की शक्ति अवश्य प्राप्त है, लेकिन यह शक्ति असीमित नहीं है। पुलिस भी संविधान और कानून के अधीन है। किसी भी व्यक्ति के साथ अमानवीय, अपमानजनक अथवा गैरकानूनी व्यवहार को किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता।
कानून सबके लिए बराबर है, फिर कार्रवाई में अंतर क्यों?
वरिष्ठ अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह ने इस मामले में एक और महत्वपूर्ण सवाल उठाते हुए कहा कि हैरानी की बात यह है कि कुछ राजनीतिक व्यक्तियों द्वारा भी संबंधित पुलिस अधिकारियों के बचाव में बयान दिए जा रहे हैं। किसी भी अधिकारी को जांच से पहले दोषी घोषित करना उचित नहीं है, लेकिन किसी पद या वर्दी के आधार पर उसे कानूनी जवाबदेही से छूट भी नहीं मिल सकती।
उन्होंने सवाल किया कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार यदि इस मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है, तो इसकी वजह क्या है? क्या इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर आपराधिक दायित्व निर्धारित नहीं किया जाना चाहिए? यदि यही वीडियो किसी सामान्य नागरिक का होता और उसमें प्रथम दृष्टया कोई गंभीर संज्ञेय अपराध दिखाई देता, तो क्या पुलिस इतनी ही प्रतीक्षा करती? क्या उसके विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग नहीं उठती?
उन्होंने स्पष्ट किया कि एफआईआर दर्ज करने का निर्णय संबंधित तथ्यों, साक्ष्यों और कानून के अनुरूप होना चाहिए। यदि जांच में संज्ञेय अपराध के तत्व सामने आते हैं, तो बिना किसी भेदभाव के नियमानुसार एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जानी चाहिए।
निलंबन पर्याप्त नहीं, निष्पक्ष जांच और जवाबदेही भी जरूरी
श्री सिंह ने कहा कि शासन द्वारा निलंबन की कार्रवाई किया जाना प्रशासनिक स्तर पर एक महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन केवल निलंबन से पूरे मामले का समाधान नहीं होगा। वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, संबंधित अधिकारियों की भूमिका स्पष्ट होनी चाहिए और यदि किसी प्रकार का आपराधिक कृत्य प्रमाणित होता है तो कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इस विश्वास को बनाए रखने के लिए जरूरी है कि पुलिस की वर्दी को शक्ति और भय का नहीं, बल्कि सेवा, सुरक्षा और न्याय का प्रतीक बनाया जाए।
अंततः सवाल सिर्फ सिवनी का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के सम्मान, स्वतंत्रता और संवैधानिक अधिकारों का है। कानून की नजर में कोई भी व्यक्ति बड़ा या छोटा नहीं होना चाहिए। जब कानून आम नागरिक पर लागू होता है, तो वही कानून वर्दीधारी अधिकारियों पर भी समान रूप से लागू होना चाहिए।
यह भी पढ़ें: New Delhi: बिसलेरी के पानी का सैंपल जांच में फेल, FSSAI ने कंपनी पर मुकदमा चलाने की दी मंजूरी
यह भी पढ़ें: CBSE में नौवीं के छात्रों को पढ़ने होंगे नौ विषय, तीन भाषाओं के साथ व्यावसायिक शिक्षा भी अनिवार्य
यह भी पढ़ें: सोनिया गांधी की आत्मकथा पर बनेगी फिल्म, TPCC के कार्यकारी अध्यक्ष जग्गा रेड्डी ने किया ऐलान

Editor in Chief





















