छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कला, आस्था और गौसेवा का एक अनूठा संगम देखने को मिला है। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर कोरबा की प्रख्यात आर्टिस्ट मनीषा अग्रवाल ने अपनी अद्भुत कलाकारी से ऐसा अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है, जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है।
दरअसल, गोपाष्टमी के शुभ अवसर पर कोरबा के कनबेरी स्थित श्री अग्रसेन गौ धाम गौशाला में विशेष धार्मिक एवं सेवा भाव से जुड़े आयोजन का माहौल देखने को मिला। इसी अवसर को यादगार बनाने के लिए कोरबा जिले की जानी-मानी कलाकार मनीषा अग्रवाल ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कई राज्य और राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कारों से सम्मानित मनीषा अग्रवाल ने लगभग 200 वर्गफीट के विशाल क्षेत्र में भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक रंगोली तैयार की। इस रंगोली को बनाने में लगभग 200 किलोग्राम हरी सब्जियों का इस्तेमाल किया गया। सब्जियों के अलग-अलग रंगों और प्राकृतिक स्वरूप को बेहद खूबसूरती से सजाकर भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक आकृति उकेरी गई।
इस रंगोली की सबसे बड़ी विशेषता इसकी प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ इसके पीछे छिपा सेवा और संवेदनशीलता का भाव है। आमतौर पर रंगोली बनाने के लिए बाजार में मिलने वाले विभिन्न प्रकार के रंगों और आर्टिफिशियल कलर का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन मनीषा अग्रवाल ने इस बार एक अलग सोच के साथ केवल हरी सब्जियों का चयन किया।
उनका उद्देश्य था कि रंगोली तैयार होने के बाद इसमें इस्तेमाल की गई सब्जियां व्यर्थ न जाएं, बल्कि उन्हें गौमाता के भोजन के रूप में उपयोग किया जा सके। इस तरह एक ओर जहां भगवान श्रीकृष्ण की सुंदर रंगोली के माध्यम से श्रद्धा प्रकट की गई, वहीं दूसरी ओर गौसेवा को भी इस आयोजन का अभिन्न हिस्सा बनाया गया।
गौरतलब है कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन गौमाता, ग्वाल-बाल और प्रकृति के साथ गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्हें गोपाल और गोविंद के नाम से भी जाना जाता है। ऐसे में गोपाष्टमी जैसे पावन पर्व पर गौशाला परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की सब्जियों से निर्मित रंगोली तैयार करना अपने आप में विशेष महत्व रखता है।
मनीषा अग्रवाल की इस अनूठी पहल ने यह संदेश दिया कि कला केवल सुंदर आकृतियां बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से सामाजिक और धार्मिक संदेश भी दिए जा सकते हैं। यदि रचनात्मकता के साथ सेवा भावना जुड़ जाए तो कला का महत्व और भी बढ़ जाता है।
मनीषा अग्रवाल ने अपनी इस अनूठी कलाकृति के माध्यम से न केवल कोरबा जिले की कला प्रतिभा को एक नई पहचान दी है, बल्कि गोपाष्टमी के अवसर पर गौसेवा और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भी सुंदर संदेश दिया है।
यह भी पढ़ें: Raipur: महादेव ऐप का काला कारोबार 92 हजार करोड़ के पार! ED के खुलासे से मचा हड़कंप

Editor in Chief





















