छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: आधुनिक डिजिटल युग में भले ही संचार के अनेक साधन उपलब्ध हो गए हैं, लेकिन भारतीय डाक का महत्व आज भी अपनी विशेष पहचान बनाए हुए है। भारतीय डाक केवल पत्रों के आदान-प्रदान का माध्यम नहीं, बल्कि देश की वर्षों पुरानी परंपरा, विश्वास और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है।
इस अवसर पर कोरबा के अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह ने डाक पेटी में पत्र डालते हुए भारतीय डाक की उपयोगिता और महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि एक समय था जब लोग अपने प्रियजनों के पत्रों का बेसब्री से इंतजार करते थे। डाकिया घर-घर जाकर चिट्ठियां पहुंचाता था और किसी अपने का पत्र मिलना पूरे परिवार के लिए खुशी का अवसर होता था।
उन्होंने कहा कि आज मोबाइल और इंटरनेट ने संचार को भले ही तेज बना दिया है, लेकिन हाथ से लिखे पत्रों में जो अपनापन, भावनाएं और संवेदनाएं होती हैं, उनका अपना अलग ही महत्व है। भारतीय डाक ने देश के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर महानगरों तक लोगों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
धनेश कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय डाक की सेवाएं आज भी आम नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और विभिन्न संस्थाओं के लिए उपयोगी हैं। स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, पार्सल और अन्य डाक सेवाओं के माध्यम से भारतीय डाक निरंतर अपनी सेवाएं प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय डाक केवल एक सेवा नहीं, बल्कि देश की सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे संरक्षित करना और नई पीढ़ी को पत्र लेखन की परंपरा से जोड़ना भी आवश्यक है।

Editor in Chief

