ठाणे/स्वराज टुडे: महाराष्ट्र के ठाणे में पुलिस ने कथित देह व्यापार और मानव तस्करी से जुड़े एक रैकेट का खुलासा किया है। मीरा-भायंदर रोड स्थित एक होटल में छापेमारी के दौरान 35 साल की एक टीवी एक्ट्रेस को रेस्क्यू किया गया, जबकि कथित तौर पर रैकेट चलाने वाली 39 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया गया है।
फोटोशूट और काम दिलाने के नाम पर फंसाते थे जाल में
पुलिस का आरोप है कि गिरोह मनोरंजन जगत से जुड़ी महिलाओं को फोटोशूट और काम दिलाने के बहाने अपने जाल में फंसाता था। बाद में उन्हें कथित तौर पर देह व्यापार में शामिल होने के लिए मजबूर किया जाता था। रेस्क्यू की गई अभिनेत्री हिंदी टीवी सीरियल और वेब सीरीज में काम कर चुकी हैं। उनकी पहचान पुलिस ने सार्वजनिक नहीं की है।
NGO से मिली जानकारी, पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल
पुलिस के मुताबिक, एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) से इस कथित रैकेट के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने 8 अक्टूबर को मीरा-भायंदर रोड स्थित एक होटल में कार्रवाई की योजना बनाई। जांच के तहत पुलिस ने पहले एक अंडरकवर व्यक्ति को ग्राहक बनाकर होटल भेजा। वहां से जानकारी जुटाने के बाद पुलिस टीम ने छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान तबस्सुम उर्फ सोनिया उमर कुरैशी (39) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का आरोप है कि महिला कथित तौर पर महिलाओं को देह व्यापार में धकेलने के बदले पैसे ले रही थी। मामले में एक 35 वर्षीय टीवी अभिनेत्री को भी रेस्क्यू किया गया।
टीवी सीरियल और वेब सीरीज में काम कर चुकी है अभिनेत्री
पुलिस के अनुसार, बचाई गई अभिनेत्री हिंदी टेलीविजन सीरियल और वेब सीरीज में काम कर चुकी हैं। रेस्क्यू के बाद उन्हें सुरक्षा के लिए मुंबई स्थित रेस्क्यू फाउंडेशन में रखा गया है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि गिरफ्तार महिला और उसका कथित पुरुष साथी मनोरंजन जगत से जुड़ी महिलाओं को निशाना बनाते थे। उन्हें फोटोशूट या काम के अवसर का लालच देकर बुलाया जाता था और फिर कथित तौर पर देह व्यापार में शामिल किया जाता था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस मामले में कुल कितनी महिलाएं प्रभावित हुईं और कथित रैकेट कितने समय से सक्रिय था। पुलिस गिरफ्तार महिला के पुरुष साथी की तलाश कर रही है।
छत्तीसगढ़ की रहने वाली है गिरफ्तार महिला
पुलिस के मुताबिक, तबस्सुम उर्फ सोनिया उमर कुरैशी मूल रूप से छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की रहने वाली है। वह फिलहाल मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में रह रही थी। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143 और अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की भूमिका और कथित तौर पर शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
2026 में ऐसे मामलों की चर्चा फिर तेज
मनोरंजन जगत से जुड़ी महिलाओं के कथित देह व्यापार रैकेट में फंसाए जाने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं।
सितंबर 2026: रिपोर्ट्स के मुताबिक, भोजपुरी फिल्मों और हिंदी वेब सीरीज में काम कर चुकी 26 वर्षीय एक्ट्रेस पर कथित देह व्यापार रैकेट चलाने का आरोप लगा था। पुलिस ने उस मामले में दो महिलाओं को रेस्क्यू किया था। आरोपी की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई थी।
जून 2026: मुंबई में एक होटल पर कार्रवाई के दौरान कथित देह व्यापार रैकेट से जुड़ा मामला सामने आया था। रिपोर्टों के अनुसार, मराठी फिल्मों की एक अभिनेत्री और बंगाली फिल्मों में काम कर चुकी एक अन्य अभिनेत्री को बचाया गया। मामले में एक मेकअप आर्टिस्ट पर ग्राहकों और महिलाओं के बीच संपर्क कराने का आरोप लगा था।
यह भी पढ़ें: बाइक की सीट के अंदर छिपा मिला खूबसूरत पीले रंग का रैट स्नेक, वन विभाग की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

Editor in Chief

