बड़वानी/स्वराज टुडे: डेढ़ साल का बेटा, ढाई साल की बेटी और उनकी मां…तीनों की जिंदगी एक ही कुएं में खत्म हो गई। एमपी के बड़वानी की यह दर्दनाक घटना सामने आई, जिसमें मां ने पहले बच्चों को दुलार किया, कलेजे से लगाया फिर अचानक कुंए में फेंक कर खुद भी छलांग लगा दी…
पुलिस के अनुसार एमपी के बड़वानी जिले में गुरुवार शाम एक बेहद दुखद घटना सामने आई। वरला थाना क्षेत्र के दुगानी गांव में 24 वर्षीय आदिवासी महिला ने कथित तौर पर अपने दो मासूम बच्चों को कुएं में फेंकने के बाद खुद भी उसमें छलांग लगा दी। इस हादसे में तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान माया कन्नौजे (24) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला पहले अपने डेढ़ वर्षीय बेटे और ढाई वर्षीय बेटी को कुएं में लेकर गई और उन्हें उसमें फेंक दिया। इसके बाद उसने भी कुएं में छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद तीनों के शव कुएं से बाहर निकाले गए और पोस्टमार्टम के लिए वरला के शासकीय अस्पताल भेजे गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घर से 700 मीटर दूर खेत के कुएं तक पहुंची महिला
वरला थाना प्रभारी नारायण रावल के मुताबिक, माया का मायका और ससुराल दोनों दुगानी गांव में ही हैं। गुरुवार शाम करीब पांच बजे वह अपने दोनों बच्चों को लेकर घर से निकली और करीब 700 मीटर दूर खेत में स्थित कुएं तक पहुंची, जहां यह घटना हुई।
पति घायल, वजह अब भी रहस्य
पुलिस के अनुसार महिला का पति प्रदीप कुछ समय पहले सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था और फिलहाल घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहा है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इलाके में ऐसी कई घटनाओं से बढ़ी चिंता
बड़वानी और पड़ोसी खरगोन जिले में हाल के दिनों में कई दुखद घटनाएं सामने आई हैं। कुछ दिन पहले नागलवाड़ी क्षेत्र में एक युवक ने अपने पांच वर्षीय बेटे की हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली थी। वहीं, पाटी क्षेत्र के एक छात्रावास में कक्षा 11 की छात्रा की भी मौत का मामला सामने आया था। इसके अलावा खरगोन जिले में भी हाल के दिनों में कई संदिग्ध मौतों और आत्महत्या के मामलों की जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।






