मध्यप्रदेश
छतरपुर/स्वराज टुडे: राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले को लेकर बाबा बागेश्वर ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने इस मामले में सिर्फ छोटे लोगों को गिरफ्तार करने की बात कही है. बाबा बागेश्वर के मुताबिक इस केस के मुख्य गुनहगारों पर अभी भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है. बाबा बागेश्वर धाम के महंत पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दावा करते हुए कहा कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सिर्फ छोटी मछलियां गिरफ्तार हुई हैं. बड़े मगरमच्छों को पकड़ा जाना बाकी है.
दरअसल धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इस समय इंडोनेशिया में कथा कर रहे हैं. वहां कथा करते समय भारत की कानून व्यवस्था पर जमकर तंज कसा. इस दौरान वे बेहद भावुक और गुस्से में नज़र आए. उन्होंने कहा कि यहां का कानून मकड़ी के जाल की तरह है. जिसमें सिर्फ छोटी मछलियां फंसती हैं. बड़े मगरमच्छ तो साफ-सुथरे तरीके से निकल जाते हैं.
हो सकता है जान का खतरा
बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने इस दौरान बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि अगर वो अपनी पर्ची खोलकर उन बड़े मगरमच्छों के नामों का खुलासा कर देंगे तो फिर उन्हें ही निपटा दिया जाएगा.
इस दौरान बाबा बागेश्वर ने खुद को बड़े धर्मसंकट में फंसा बताया. उन्होंने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा घोटाला मामले में सच बोलने पर जान का खतरा हो सकता है. वहीं अगर चुप रहेंगे तो लोग उनकी शक्तियों पर सवाल उठायेंगे.
जाकर्ता में भक्तों के सामने हुए भावुक
बता दें कि, अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी की जांच के बाद FIR दर्ज कर ली गई है. जिसमें कुल 8 लोगों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस और एसआईटी की इस जांच से अयोध्या के कई बड़े संत और महंत खुश नहीं हैं. उनका कहना है कि इस मामले में चंपत राय, अनिल मिश्रा सहित अन्य बड़े नामों को पाक साफ बचा लिया गया है. जबकि असली गुनहगार वहीं लोग हैं.
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जाकार्ता में उमड़े भक्तों के सैलाब को कथा सुना रहे थे. इस दौरान वो राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर बेहद भावुक और गुस्से में नजर आए. उन्होंने इस मामले में हुई कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अभी सिर्फ छोटी मछलियां पकड़ी गई हैं, बड़े मगरमच्छों का पकड़ा जाना बाकी है.

Editor in Chief





