बुरहानपुर/स्वराज टुडे: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले की जिस 26 वर्षीय लापता महिला की हत्या के आरोप में महाराष्ट्र पुलिस ने उसके पिता और भाई को गिरफ्तार किया था, वह जीवित लौट आई है। इसने महाराष्ट्र पुलिस की जांच पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मध्य प्रदेश पुलिस के अनुसार, इस महीने की शुरुआत में शिवानी और अरुण दादू कलमेकर के लापता होने की शिकायतें दर्ज कराई गई थी।
इसी बीच, 26 अप्रैल को महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में एक सिर कटी और अधजली महिला का शव मिला था, जिसके आधार पर पुलिस ने शिवानी के पिता और भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। लेकिन अब शिवानी जीवित लौट आयी है। उसने पुलिस से अपने पिता और भाई को रिहा करने की अपील की है। उसने कहा कि वह जीवित है और पूरी तरह सुरक्षित है । उसके साथ कोई अनहोनी नहीं हुई है।
महाराष्ट्र पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
बिना पूरी तरह जांच पड़ताल के, बिना कोई साक्ष्य जुटाए आनन फानन में पिता और भाई को आरोपी ठहराकर जेल भेज देना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है। बेकसूर पिता और भाई को जो मानसिक, आर्थिक और शारीरिक क्षति हुई उसकी भरपाई करना असंभव है जिसके जिम्मेदार महाराष्ट्र पुलिस है। वहीं अब पुलिस के सामने यह चुनौती बनकर खड़ी हो गई है कि आखिर बुलढाणा जिले में सिर कटी अधजली महिला की लाश किसकी थी ? इसकी कोई जांच होगी और असली गुनाहगार पकड़े जाएंगे या ये केवल रहस्य बनकर रह जायेगा , कुछ कहा नहीं जा सकता।
विज्ञापन:


Editor in Chief






