नई दिल्ली/स्वराज टुडे: नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में एक रौंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई थी। 21 साल की युवती पर एसिड से हमला हुआ है। यह हमला तब हुआ है, जब युवती दुल्हन बनने वाली थी और घर में उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं। आरोप है कि प्यार में पागलपन की हदें पार करते हुए एक महिला ने ही इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने 26 साल की आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
इस एसिड अटैक में पीड़िता और उसे बचाने आई उसकी बड़ी बहन गंभीर रूप से झुलस गई हैं। दोनों बहनों का निकाह एक साथ 19 अप्रैल को होना तय था, लेकिन इस खौफनाक वारदात के बाद निकाह टाल दिया गया है। एसिड अटैक के कारण पीड़िता के आंख और गले को नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि एसिड अंदर जाने के कारण उसने खून की भी उल्टी की थी।
साजिश के तहत किया हमला
आरोपी लड़की (26) पीड़िता के घर के ठीक सामने रहती है और दोनों परिवार पिछले 15-16 वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी लड़की उस लड़के से प्यार करती थी, जिससे पीड़िता की शादी होने वाली थी। जैसे ही उसे निकाह की खबर मिली, उसने इस खौफनाक साजिश को अंजाम देने की ठान ली।
एनर्जी ड्रिंक की आड़ में साथ ले गयी एसिड
मंगलवार को आरोपी युवती प्लानिंग के तहत दोपहर 12:30 बजे वहां पहुंची। वह अपने साथ दो बोतलें लेकर आई थी, एक में एनर्जी ड्रिंक था और दूसरी में तेजाब। किसी को शक न हो, इसलिए उसने सबके सामने एनर्जी ड्रिंक पिया। दोपहर करीब 12:50 बजे, जब पीड़िता मेहंदी लगवाने बैठी, आरोपिया ने अचानक उस पर तेजाब फेंक दिया।
पीड़िता की हालत गंभीर
वारदात के बाद भाग रही आरोपी लड़की को परिजनों ने मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। वह शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही है। दूसरी ओर, 21 वर्षीय पीड़िता (पॉलिटिकल साइंस सेकंड ईयर की स्टूडेंट) को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तेजाब के कारण उसकी आंखें और गला बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। हालत इतनी गंभीर थी कि तेजाब शरीर के अंदर जाने से उसे खून की उल्टियां भी हुईं। इस घटना ने सुरक्षा और तेजाब की बिक्री पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी महिला से गहन पूछताछ कर रही है।

Editor in Chief





