नई दिल्ली/स्वराज टुडे: हिंदू धर्म में चार धाम यात्रा का विशेष महत्व है. हिमालय की गोद में बसे पवित्र तीर्थस्थलों के दर्शन की इच्छा रखने वाले ओडिशा के श्रद्धालुओं के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) एक सुनहरा मौका लेकर आया है.
दरअसल, आईआरसीटीसी ने ‘यात्रा टू बद्रीनाथ-केदारनाथ-गंगोत्री-यमुनोत्री’ नाम से एक एयर टूर पैकेज को लॉन्च किया है. आइए जानते हैं कि इस टूर पैकेज की शुरुआत कब से हो रही हैं और सफर के लिए कितने रुपये खर्च करने होंगे.
यह टूर ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से शुरू होगा. यह आध्यात्मिक यात्रा कुल 11 रातों और 12 दिनों की होगी. सफर की शुरुआत 9 जून, 2026 को भुवनेश्वर से देहरादून की डायरेक्ट फ्लाइट के साथ होगी. इस पूरे टूर के दौरान श्रद्धालुओं को हरिद्वार, बरकोट, जानकीचट्टी, यमुनोत्री, उत्तरकाशी, गंगोत्री, गुप्तकाशी, सोनप्रयाग, केदारनाथ, बद्रीनाथ और ऋषिकेश जैसे पावन स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे.
कितना होगा किराया?
टूर पैकेज के लिए टैरिफ पैसेंजर की ओर चुनी गई ऑक्यूपेंसी के मुताबिक होगा. पैकेज की शुरुआत 74,810 रुपये प्रति व्यक्ति से होगी. अगर एक व्यक्ति है तो 90,567 रुपये, अगर दो लोग हैं तो प्रति व्यक्ति 79,315 रुपये, तीन लोग हैं तो प्रति व्यक्ति 74,810 रुपये किराया होगा. 5 से 11 साल के बच्चे के लिए बेड के साथ 46,300 रुपये और 5 से 11 साल के बच्चे के लिए बिना बेड 34,390 रुपये चार्ज है.
पैकेज की खासियतें और सुविधाएं.
आईआरसीटीसी का यह पैकेज उन लोगों के लिए खास है जो बिना किसी परेशानी के एक ही यात्रा में चारों धाम के दर्शन करना चाहते हैं. यह पैकेज यात्रियों की सुख-सुविधाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. आईआरसीटीसी के इस पैकेज में फ्लाइट टिकट, होटल में ठहरने की व्यवस्था, भोजन, बस से लेकल यात्रा और गाइड/एस्कॉर्ट जैसी सुविधाएं शामिल हैं.
कैसे करें बुकिंग?
इस टूर पैकेज के लिए पर्यटक आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट irctctourism.com पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं. इसके अलावा आईआरसीटीसी के रीजनल ऑफिस और टूरिस्ट फेसिलिटेशन सेंटर से भी टिकट बुक कराए जा सकते हैं.
यह भी पढ़ें: Shreyasi Singh: कौन हैं श्रेयसी सिंह? जो बन सकती हैं बिहार की नई CM, जाति, परिवार से संपत्ति तक हर एक डिटेल

Editor in Chief





