नई दिल्ली/स्वराज टुडे: राजधानी दिल्ली के शालीमार बाग थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े आम आदमी पार्टी के नेत्री रचना यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वो अपने पति की हत्या की इकलौती चश्मदीद गवाह थीं। तीन साल पहले बदमाशों ने उनके पति की भी गोली मारकर हत्या कर दी थी।
रचना यादव अपने पति के हत्यारों को सजा दिलाने के लिए सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुकी थीं और इस केस में मुख्य गवाह थीं।
बताया जा रहा है कि कुछ आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से फरार हैं, जिन पर हत्या का शक जताया जा रहा है। शालीमार बाग थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका की दो बेटियां हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है और दूसरी स्कूल में पढ़ाई कर रही है। घटना ने इलाके में सनसनी फैलाई है और पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी हुई है।
पति की हत्या के बाद रचना ने मांगी थी सुरक्षा, नहीं मिली
पति की हत्या के बाद वर्ष 2023 में मृतका रचना ने परिवार के लिए सुरक्षा मांगी थी। लेकिन इस ओर किसी ने भी ध्यान नहीं दिया। हाल ही में रचना को कई बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी थी। इसको लेकर रचना के वकील ने कोर्ट के समक्ष में इस बात को रखी थी। समय रहते परिवार को सुरक्षा मिल जाता तो शायद यह वारदात नहीं होती।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रही थी रचना
स्थानीय लोगों ने बताया कि रचना स्थानीय आरडब्ल्यूए में रचना अध्यक्ष के पद पर जिम्मेदारी निभा रही थी। आम आदमी पार्टी की कार्यकर्ता भी थी। वो काफी मिलनसार थी। आसपास पार्कों में हरियाली लगाती और लोगों से भी हरियाली लगाने का संदेश देती थी। वहीं, सामाजिक कार्यों में काफी बढ़चढ़ कर भाग लेती थी।
दिनदहाड़े इस वारदात के बाद सुरक्षा पर उठे सवाल
दिनदहाड़े गली में इस हत्या के बाद से ही आसपास के लोगों में खौफ का माहौल है। लोग पुलिस की सतर्कता व सुरक्षा पर भी सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस तरह से हत्या होना, पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवार खड़ा करता है। पहले जब पति की हत्या हुई, फिर पत्नी को धमकी मिल रही थी, तो इसपर तुरंत कार्रवाई करने की जरूरत थी। अब परिवार में अकेली बेटी रह गई है। उसे भी जान का खतरा है, पुलिस को बिना किसी देरी उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी लेनी होगी।
केजरीवाल ने दिल्ली सरकार पर बोला हमला
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज समेत पार्टी के तमाम नेताओं ने भाजपा की सरकार में हुई इस घटना की कड़ी निंदा की है। साथ ही, दिल्ली पुलिस से हत्या के आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। आप का कहना है कि यह घटना मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की विधानसभा शालीमार बाग में हुई है। यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था की पूरी विफलता को उजागर करती है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। दोषियों को कठोर से कठोरतम सजा मिलनी चाहिए।

Editor in Chief





