उत्तरप्रदेश
झांसी/स्वराज टुडे: झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र में अवैध सट्टा कारोबार से जुड़ी करीब 25 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने मंगलवार को तीसरे सिपाही को भी गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, उसके कब्जे से लूटी गई रकम में से 12 हजार रुपए भी बरामद किए गए हैं। पुलिस इस मामले में 2 सिपाहियों सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मामले में अब भी 3 अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उसने बताया कि सट्टा कारोबार से जुड़ी रकम एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने वाले कथित एजेंट किशन पांचाल से कुछ वर्दीधारी और अन्य बदमाशों ने कथित तौर पर डरा-धमकाकर करीब 25 लाख रुपए लूट लिए थे। जांच में सामने आया कि यह रकम सट्टा कारोबारी सूर्यांश यादव द्वारा भेजी जा रही थी।
पुलिस का दावा है कि सूर्यांश ने ही 3 सिपाहियों की मिलीभगत से इस लूट को अंजाम दिलवाया। कोतवाली पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। इससे पहले मनोज और राघवेंद्र नामक दो सिपाहियों सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के बाद जेल भेज दिया गया था। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई 24.50 लाख रुपए की राशि भी बरामद की थी।
कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले में फरार सिपाही नीरज राजपूत को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। वर्तमान में नीरज की तैनाती जालौन पुलिस लाइन में थी। उसके पास से लूटी गई रकम में से 12 हजार रुपए बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, तीनों सिपाहियों ने मिलकर इस लूट की वारदात को अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि मामले में प्रेमनगर निवासी अंकित यादव तथा सट्टा कारोबार से जुड़े सतना (मध्यप्रदेश) के लालता चौक निवासी नितिन तेजवानी और संस्कार तेजवानी अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें: नवविवाहिता पत्नी की गोली मारकर हत्या के बाद कांस्टेबल ने भी कर ली खुदकुशी, इस जघन्य वारदात से दहल गया इलाका
यह भी पढ़ें: बेटी की शादी से पहले मां की शुरू हो गयी लव स्टोरी, मौका मिलते ही दामाद संग भागी

Editor in Chief




