छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे:; शहर के ढोढ़ीपारा क्षेत्र में दिनांक 27 दिसंबर को तीन छात्रों—दिलीप बिंझवार, मनीष बिंझवार एवं आशीष कुमार बिंझवार—के साथ हुई लूटपाट एवं मारपीट की घटना अत्यंत निंदनीय, अमानवीय एवं चिंताजनक है। जानकारी के अनुसार चार अज्ञात युवकों द्वारा इन छात्रों को रोककर उनके साथ मारपीट की गई, जान से मारने की धमकी दी गई तथा तीन मोबाइल फोन, नकदी एवं मोटरसाइकिल लूट ली गई।
इस घटना का सबसे दुर्भाग्यपूर्ण पहलू यह है कि लूट के बाद आरोपियों द्वारा एक पीड़ित को घर जाने के लिए मात्र 100 रुपये लौटाना, अपराधियों की मानसिकता और कानून के प्रति उनके भयहीन रवैये को दर्शाता है। यह किसी प्रकार की दया नहीं, बल्कि समाज और कानून का खुला उपहास है।
यह घटना न केवल पीड़ित छात्रों और उनके परिजनों के लिए भय और असुरक्षा का कारण बनी है, बल्कि पूरे शहर की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है। यदि सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वाले छात्र और युवा ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक स्वयं को कैसे सुरक्षित महसूस करेंगे?
अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह ने मौजूदा हालात पर चिंता जाहिर करते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग से मांग की है कि —
● इस घटना में संलिप्त सभी आरोपियों की शीघ्र पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जाए।
● क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए एवं संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाए।
● पीड़ितों को सुरक्षा एवं न्याय दिलाने हेतु त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
शहर की जनता में बढ़ते अपराधों को लेकर गहरी चिंता व्याप्त है। अब समय आ गया है कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त संदेश दिया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
यह भी पढ़ें: अजनबी को लिफ्ट दी..चिकन खिलाया..शराब पिलाई, फिर कार में जिंदा जलाया, लातूर में हिला देने वाली घटना

Editor in Chief





