छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: कोरबा जिलान्तर्गत करतला थाना क्षेत्र के ग्राम नोनबिर्रा में 55 वर्षीय वृद्ध बिद्दुराम पर भालू ने हमला कर दिया। वे अपने खेत देखने गए थे, तभी यह घटना घटित हुई। हमले में उनके चेहरे और नाक पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी नाक का एक बड़ा हिस्सा बुरी तरह कट गया।
घायल वृद्ध बिद्दुराम को तत्काल करतला स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कोरबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के मुताबिक, वह साइकिल से खेत पहुंचे थे और साइकिल खड़ी कर पैदल आगे बढ़े। इसी दौरान उनका सामना अचानक एक भालू से हो गया। भालू ने उन पर हमला कर दिया।
वृद्ध बिद्दुराम ने भालू से बचने की कोशिश की, लेकिन भालू ने उनके चेहरे पर घातक वार किया। उनकी चीख-पुकार सुनकर भालू मौके से भाग गया, जिससे उनकी जान बच गई।
खून से लथपथ हालत में बिद्दुराम किसी तरह साइकिल से अपने घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। कोरबा मेडिकल कॉलेज में चिकित्सको की एक विशेष टीम ने वृद्ध बिद्दुराम की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका उपचार शुरू किया। बताया जा रहा हैं की उनकी शल्य चिकित्सा की जाएगी। शल्य चिकित्सा के बाद उन्हें गहन निगरानी में रखा गया है। चिकित्सको के अनुसार, उनकी स्थिति स्थिर है, लेकिन उन्हें ठीक होने में समय लगेगा।
कोरबा जिला चिकित्सालय चौकी पुलिस को मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन ने घटना की सूचना दी है। इसके आधार पर घायल का बयान दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है। वन विभाग की टीम को भी सूचित किया गया, जिन्होंने चिकित्सालय पहुंचकर घायल का हालचाल जाना और शासन से मिलने वाली सहायता राशि प्रदान की। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Editor in Chief

