संगारेड्डी/स्वराज टुडे: तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के जहीराबाद से एक ऐसी खबर आई है, जो रूह को कंपा देती है. एक पति ने पुलिस की मौजूदगी में चलती गाड़ी के बीच अपनी पत्नी का चाकू से गला काट दिया. इस दर्दनाक और खतरनाक वारदात की सिर्फ एक वजह थी और वो ये कि महिला अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर भाग गई थी. गुस्से और गुरूर के इस खूनी खेल ने एक 29 साल की महिला की जान ले ली.
क्या है पूरा मामला
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, संगारेड्डी में रहने वाली 29 साल की कविता जो सिद्धारेड्डी की पत्नी थी, उसकी पवन से दोस्ती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. 27 मार्च को कविता अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई थी. ऐसे में जब पत्नी घर नहीं लौटी तो परेशान पति सिद्धारेड्डी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और 30 मार्च को जहीराबाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया था.
पुलिस की मौजूदगी में काटा गला
जांच के दौरान पुलिस को सुराग मिला कि कविता जड़चर्ला में पवन रेड्डी के साथ है. ऐसे में पुलिस टीम वहां पहुंची और गुमशुदा कविता को ढूंढ निकाला. इसके बाद पुलिस उसे वापस जहीराबाद लेकर चली गई और पति सिद्धारेड्डी भी उसी गाड़ी में था. वापसी के दौरान जब गाड़ी सदाशिवपेट मंडल के नंदी कंडी इलाके के पास पहुंची, तभी सिद्धारेड्डी अचानक ही आपे से बाहर हो गया.
इसी दौरान सिद्धारेड्डी ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया और उसके गले पर वार किया. पुलिस की मौजूदगी में चलती गाड़ी में यह खूनी वारदात हुई. बुरी तरह ज़ख्मी कविता को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. आवेश में सिद्धारेड्डी द्वारा उठाये गए कदम से उसके तीनों मासूम बच्चे ना केवल माँ की ममता से महरूम हो गए बल्कि पिता के स्नेह से भी दूर हो गए हैं. आखिर बच्चों ने ऐसा क्या गुनाह कर दिया था जो उन्हें ऐसी सजा मिली.
इस जघन्य वारदात के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी सिद्धारेड्डी हिरासत में है. लेकिन पुलिस की अभिरक्षा में हुई इस घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठना लाजिमी है.
यह भी पढ़ें: Tamil Nadu: कस्टोडियल डेथ: इंसाफ की जीत, कोर्ट ने 9 पुलिसकर्मियों को सुनाई फांसी की सजा
यह भी पढ़ें: Chandigarh: डॉक्टर नहीं कसाइयों का निकला ये अस्पताल, हर मरीज पर फिक्स थी कमीशन, CBI ने किया बड़ा खुलासा

Editor in Chief





