पश्चिमी दिल्ली/स्वराज टुडे: उत्तम नगर इलाके में होली के दिन गुब्बारा फेंकने के विवाद में हुई युवक तरुण की हत्या ने जहां एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया, वहीं कुछ शातिरों ने इस घटना को भी अवैध कमाई का जरिया बनाने की कोशिश की।
सोशल मीडिया पर सक्रिय ऐसे शातिर लोगों ने मार्मिक वीडियो और भ्रामक जानकारी के सहारे लोगों से आर्थिक मदद के नाम पर चंदा जुटाना शुरू कर दिया। पुलिस जांच में इस पूरे खेल का पर्दाफाश होने के बाद द्वारका जिला पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध बैंक खाते को फ्रीज कर दिया है, जिसमें महज दो दिनों के भीतर करीब 37 लाख रुपये जमा हो गए थे।
माहौल बिगड़ने की आशंका भी जताई
उपायुक्त द्वारका कुशल पाल सिंह ने बताया कि घटना के बाद इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर लगातार ऐसे वीडियो और पोस्ट साझा किए जा रहे थे, जिनमें भ्रामक और उकसाने वाली जानकारी दी जा रही थी। इससे लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही थी और माहौल बिगड़ने की आशंका भी जताई जा रही थी।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इंटरनेट मीडिया पर फैल रही गतिविधियों की निगरानी शुरू की और ऐसे अकाउंट्स की पहचान की, जो भड़काऊ या गलत जानकारी प्रसारित कर रहे थे।
पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 79(3)(बी) के तहत इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स को 14 कंटेंट और इंस्टाग्राम को आठ ऐसे वीडियो हटाने के लिए अनुरोध भेजे हैं। इन पोस्टों में तरुण हत्याकांड को लेकर भ्रामक और भड़काऊ सामग्री साझा की जा रही थी, जिससे सार्वजनिक शांति प्रभावित होने की आशंका थी। पुलिस इन अकाउंट्स को संचालित करने वाले लोगों की पहचान करने में भी जुटी है।
37 लाख रुपये जुटाने का हुआ पर्दाफाश
पुलिस को पता चला कि इंटरनेट मीडिया पर एक मार्मिक वीडियो पोस्ट कर लोगों से आर्थिक मदद की अपील की गई थी। वीडियो के साथ एक क्यूआर कोड भी साझा किया गया था, जिसके माध्यम से लोगों से पैसे भेजने के लिए कहा गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह वीडियो 10 मार्च को पोस्ट किया गया था। संभावित धोखाधड़ी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तुरंत संबंधित बैंक शाखा के प्रबंधक से संपर्क कर खाते की सभी क्रेडिट और डेबिट सुविधाओं को बंद करा दिया और जमा पूरी राशि को फ्रीज कर दिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह बैंक खाता किस व्यक्ति के नाम पर है और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: Korba: वेदांता स्किल स्कूल बदल रहा है महिलाओं के साथ देश का भविष्य
यह भी पढ़ें: Patna: एसवीयू ने DGM के घर मारा छापा, हड़बड़ाहट में घर के बाहर फेंके 1.25 करोड़ के जेवरात और 32 लाख कैश

Editor in Chief







