उत्तरप्रदेश
गोरखपुर/स्वराज टुडे: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक निजी गर्ल्स इंटर कॉलेज में 10वीं की नाबालिग छात्रा के साथ स्कूल प्रबंधक के बेटे ने 4 महीने तक यौन शोषण किया। आरोपी ने छात्रा को परीक्षा में फेल करने की धमकी दी। शहर में भविष्य की पढ़ाई का खर्च उठाने का लालच देकर कथित तौर पर लगातार दुष्कर्म करता रहा। इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर लिया है।
छात्रा अपने दादा, मां और छोटी बहन के साथ गांव में रहती है, जबकि उसके पिता मुंबई में काम करते हैं। शुक्रवार को छात्रा के दादा उसे लेकर गोला थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। मामला बढ़ता देख आरोपी गांव से फरार है।
क्या है पूरा मामला?
छात्रा ने बताया कि करीब 4 महीने पहले छुट्टी के बाद आरोपी प्रतीक ने उसे अपने केबिन में बुलाया। मैं अंदर गई तो उसने मुझे पकड़ लिया और अश्लील हरकत करने लगा। विरोध करने पर उसने फेल करने और बदनाम करने की धमकी दी। आरोपी ने छात्रा से कहा कि दोनों के बीच जो होगा, उसके बारे में किसी को पता नहीं चलेगा। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ रेप किया।
छात्रा ने उस दिन किसी को कुछ नहीं बताया, बाद में आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया और फोन पर बातचीत करने लगा। आरोपी ने कहा कि वह उसे आगे बढ़ाएगा और गोरखपुर शहर में पढ़ाएगा। उसका सारा खर्च भी उठाएगा। इसके लिए वह उसके बाबा से बात कर लेगा। आरोपी ने 4 महीने तक उसका शारीरिक शोषण किया।
आरोपी ने ऑडियो कर दिया वायरल
इसके बाद छात्रा ने यह बात अपनी छोटी बहन को बताई। छात्रा को एक दिन फिर आरोपी ने मिलने को बुलाया लेकिन उसने मना कर दिया। गुस्से में आरोपी ने उसे फोन पर गालियां दीं और बदनाम करने की धमकी दी। आरोपी ने कहा कि जब वह उसका पूरा खर्च उठा रहा है तो दिक्कत क्या है।
छात्रा के मना करने के बाद आरोपी ने बातचीत का एक ऑडियो वायरल कर दिया। ऑडियो वायरल होने पर छात्रा ने जान देने की कोशिश की लेकिन बहन ने उसे समझाया। इसके बाद छात्रा ने परिजन से बातचीत कर पूरी बात बताई।
आरोपी गांव से फरार
ऑडियो सामने आने के बाद गुस्साए गांव वाले स्कूल पहुंचे। उन्होंने आरोपी को घेर लिया और हंगामा किया। मामला बढ़ता देख आरोपी गांव से फरार है। बताया जा रहा है कि आरोपी प्रतीक की करीब डेढ़ साल पहले शादी हुई थी, उसकी ढाई महीने की बच्ची भी है।
यह भी पढ़ें: Korba: सोनालिया ब्रिज पर बढ़ते जाम से जनता त्रस्त, अब कोरबा में मेट्रो की मांग का समय : धनेश कुमार सिंह

Editor in Chief















