उत्तरप्रदेश
अलीगढ़/स्वराज टुडे: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एफएम टावर के पास हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के सर जियाउद्दीन हॉल में दबिश दी। इस दौरान पुलिस को एक कमरे से हथियार, कारतूस, नकली नोट और संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं। हालांकि, कमरे में रहने वाले आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए और उनकी तलाश जारी है।
अलीगढ़ फायरिंग केस
वाटर पार्क के बाहर विवाद से शुरू हुआ मामला
मामले की जानकारी के अनुसार, क्वार्सी थाना क्षेत्र के अनूपशहर रोड स्थित एक्वा वाटर पार्क के बाहर गाड़ी आगे-पीछे करने को लेकर शाहिद अली का कुछ एएमयू छात्रों और उनके साथियों से विवाद हो गया था। यह विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
घर पर फायरिंग कर फरार हुए आरोपी
बताया जा रहा है कि अगले दिन सुबह इन्हीं नकाबपोश युवकों ने शाहिद अली के आशियाना ग्रीन सोसाइटी स्थित घर पर फायरिंग कर दी और मौके से भाग निकले। इस मामले में पुलिस ने एमएम टावर निवासी फैसल, अशरफ और साकिब के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जियाउद्दीन हॉल से चौंकाने वाली बरामदगी
फायरिंग की घटना के बाद अलीगढ़ पुलिस ने जब सर जियाउद्दीन हॉल में तलाशी अभियान चलाया तो एक कमरे से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ। पुलिस को यहां से 32 बोर की दो देसी पिस्टल मैगजीन, 315 बोर के चार खोखे, 9 एमएम का एक कारतूस और 12 बोर के चार कारतूस मिले। इसके अलावा 100-100 रुपये के छह नकली नोट और कई संदिग्ध दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस को आठ मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और शहबाज के नाम की हाईस्कूल की दो मार्कशीट भी मिली हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच और तेज कर दी है।
कमरे में रहकर कर रहा था आपराधिक गतिविधियां
सीओ सिटी सर्वम सिंह ने बताया कि फायरिंग की घटना में शामिल आरोपी शहबाज ने जियाउद्दीन हॉल के एक कमरे में रहने वाले दो अन्य छात्रों को डरा-धमकाकर वहां से भगा दिया था। इसके बाद वह उसी कमरे में रहकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: ‘ईरान को हथियार देने वाले देशों से वसूलेंगे 50 फीसदी टैरिफ’, सीजफायर के बीच ट्रंप का बड़ा बयान

Editor in Chief





