छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: जिला स्वास्थ्य विभाग, कोरबा द्वारा यूनिसेफ छत्तीसगढ़ एवं MCCR Trust के सहयोग से, कोरबा में समाज प्रमुखों हेतु विशेष उन्मुखीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय स्तर पर सिकल सेल रोग, बाल मधुमेह जन्मजात हृदय रोग तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं सामुदायिक नेतृत्व की भूमिका को सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम में विभिन्न ग्रामों एवं समुदायों से आए लगभग ४० समाज प्रमुखों एवं स्थानीय नेतृत्वकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता की। प्रशिक्षण सत्रों के दौरान प्रतिभागियों को बच्चों में गैर-संचारी रोगों की प्रारंभिक पहचान, समय पर जांच, उपचार एवं रेफरल सेवाओं के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पूर्ण टीकाकरण, पोषण, एनीमिया नियंत्रण, गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच तथा संस्थागत प्रसव की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।
विशेषज्ञों ने बाल मधुमेह के शुरुआती लक्षणों—जैसे अत्यधिक प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, अचानक वजन कम होना एवं अत्यधिक कमजोरी—के प्रति समुदाय को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया। इसके अतिरिक्त सिकल सेल रोग की नियमित जांच एवं परामर्श तथा जन्मजात हृदय रोग से प्रभावित बच्चों की समय पर पहचान एवं उपचार के महत्व को सरल एवं व्यवहारिक भाषा में समझाया गया।
वक्ताओं ने कहा कि समाज प्रमुख एवं सामुदायिक नेतृत्वकर्ता गांव एवं वार्ड स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने तथा सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन को प्रोत्साहित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सामुदायिक नेतृत्व के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी संदेशों का प्रभावी प्रसार संभव है, जिससे समुदाय में स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी, सहभागिता एवं जागरूकता को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिनेश नाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सूर्या नारायण केसरी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री पद्माकर शिंदे, जिला नोडल अधिकारी – सिकल सेल डॉ. बी.आर. रात्रे तथा जिला सलाहकार – सिकल सेल श्री अरविंद भारती उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. गजेंद्र सिंह, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, यूनिसेफ के नेतृत्व में यूनिसेफ टीम तथा डॉ. डी. श्याम कुमार एवं MCCR Trust के सहयोग से संपन्न हुआ।
यह भी पढ़ें: Sakti: नवीन पुलिस थाना आजाक भवन का शुभारंभ एवं डायल-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
यह भी पढ़ें: Safety Tips : लिफ्ट में फंस जाएं तो भूलकर भी न दबाएं ये बटन! जान बचाने के लिए अपनाएं 5 जरूरी सेफ्टी टिप्स

Editor in Chief






