छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: छत्तीसगढ़ के कोरबा में पत्रकारिता जगत से जुड़ी दो सम्मानित हस्तियों, स्वर्गीय रमेश पासवान और स्वर्गीय विजय सिंह की स्मृति में एक विशेष सामाजिक पहल की जा रही है। कोरबा प्रेस क्लब द्वारा उनके योगदान को याद करते हुए 27 अप्रैल को स्वैच्छिक रक्तदान एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यह शिविर शहर के टीपी नगर स्थित तिलक भवन में आयोजित होगा, जहां सुबह 10 बजे से कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। इस आयोजन का उद्देश्य न केवल दिवंगत पत्रकारों को श्रद्धांजलि देना है, बल्कि समाज में सेवा और मानवता के भाव को भी प्रोत्साहित करना है।
कोरबा प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि स्व. रमेश पासवान और स्व. विजय सिंह ने अपने जीवनकाल में पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनकी स्मृति को जीवित रखने के लिए इस तरह के जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि समाज को भी इससे लाभ मिल सके।
शिविर में रक्तदान के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए जाएंगे, जिससे लोगों को अपनी सेहत की जानकारी मिल सके और समय रहते आवश्यक उपचार कराया जा सके।
आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस शिविर में भाग लेने की अपील की है। उनका कहना है कि रक्तदान महादान है, जो किसी जरूरतमंद की जान बचाने में मदद कर सकता है। वहीं, स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी हो सकेंगे।
यह भी पढ़ें:Korba: डीएवी जेंजरा का जलवा कायम: 10वीं बोर्ड में 100% रिजल्ट, मेधावियों ने रचा सफलता का नया इतिहास
यह भी पढ़ें:कोरबा में फ्लाई ऐश का जहर फैला रहा एसईसीएल, सरकार की चुप्पी पर जयसिंह अग्रवाल का तीखा हमला

Editor in Chief





