आगरा/स्वराज टुडे: यूपी के आगरा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां चावल-आलू का पुलाव खाने के बाद दो मासूम भाइयों की मौत हो गई। उनके माता-पिता और बहन की हालत गंभीर है। उनका जयपुर के अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामला फूड पॉइजनिंग का बताया जा रहा है। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
ये घटना किरावली कस्बे का है। वार्ड नंबर 10 में रहने वाले हुसैन मूल रूप से राजस्थान के धंतूरी महोआ क्षेत्र के रहने वाले हैं। वर्तमान में किरावली में अपनी ससुराल के पास किराए पर रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बताया जा रहा है कि रविवार रात परिवार के 5 लोग पास के ही एक मोहल्ले में चल रहे कार्यक्रम से घर लौटे। उन्होंने रात में आलू-चावल का पुलाव खाया और चाय भी पी। सोमवार सुबह कोई सदस्य घर से बाहर नहीं निकला तो पड़ोसियों को शक हुआ। अंदर जाकर देखा तो सभी सदस्य अचेत पड़े थे।
आनन-फानन में सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरावली पहुंचाया। हालत गंभीर देख एसएनएमसी के लिए रेफर कर दिया। जहां हुसैन के पांच वर्षीय बेटे जीशान उर्फ गोलू ने दम तोड़ दिया। जबकि आठ वर्षीय बेटे आहिल की जयपुर में मौत हो गई। वहीं, हुसैन उसकी पत्नी रेशमा और चांदनी (10) की हालत गंभीर है। इन तीनों का जयपुर में ही इलाज चल रहा है। मामा नौशाद और गुलाब ने बताया कि जीशान के शव को उसके पैतृक गांव धंतूरी महोआ (राजस्थान) ले जाया गया है।
प्रथम दृष्टया फूड प्वॉइजनिंग का मामला
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरावली के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। इधर थाना प्रभारी किरावली ने बताया कि परिवार के दो बच्चों की मौत हुई है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अभी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

Editor in Chief

