छत्तीसगढ़
सारंगढ़-बिलाईगढ़/स्वराज टुडे: जिले की राजनीति में उस समय हलचल मच गई, जब भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल ने अपने पद से इस्तीफा देने का पत्र प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव को सौंप दिया। इस्तीफा पत्र में उन्होंने जिले के संगठनात्मक हालात और पार्टी के भीतर चल रही कथित खींचतान को अपने निर्णय की प्रमुख वजह बताया है।
प्रदेश अध्यक्ष को संबोधित पत्र में ज्योतिलाल पटेल ने उल्लेख किया है कि जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा के क्रियाकलापों से सरकार की छवि प्रभावित हो रही है तथा जिले में पार्टी कमजोर हो रही है। वहीं, जिला महामंत्री अमित तिवारी पर संगठन को अपने अनुरूप चलाने और आगामी सारंगढ़ नगर पालिका चुनाव में अध्यक्ष एवं पार्षद पदों के लिए अपनी पसंद के प्रत्याशियों के चयन को लेकर उन पर बार-बार अनुचित दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
पत्र में उन्होंने कहा है कि संगठन में चल रही विपरीत परिस्थितियों के कारण वे चिंतित एवं तनावग्रस्त हैं। इन परिस्थितियों के चलते उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष के पद से त्यागपत्र देने का निर्णय लिया है। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व से अपने त्यागपत्र को स्वीकार करने का आग्रह भी किया है।
इस्तीफा पत्र की प्रतिलिपि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) कमलेश सिंह तथा प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी डॉ. नवीन मार्कण्डेय को भी भेजी गई है।
अब इस इस्तीफे के बाद जिले में भाजपा संगठन की आगामी रणनीति और प्रदेश नेतृत्व के रुख को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
यह भी पढ़ें: Korba: वरिष्ठ पत्रकार विनोद जायसवाल ने किया देहदान का संकल्प, मेडिकल कॉलेज कोरबा में पूरी की औपचारिकताएं
यह भी पढ़ें: ट्रेन में मोबाइल के तेज रिंगटोन बजने पर जुर्माना; रेलवे ने जारी किया नया नियम

Editor in Chief





















