नई दिल्ली/स्वराज टुडे: देश के जाने-माने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड बिसलेरी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण यानी FSSAI की जांच में बिसलेरी के पानी का एक सैंपल तय सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरा।
जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से ज्यादा मिलने की बात सामने आई, जिसके बाद सैंपल को असुरक्षित घोषित किया गया। कंपनी की अपील पर दोबारा जांच कराई गई, जिसमें PAHs नाम के रासायनिक यौगिकों की मौजूदगी भी रिपोर्ट की गई। इसके बाद FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। हालांकि कंपनी ने अपनी सफाई में कहा है कि यह मामला केवल एक विशेष बैच से जुड़ा है और वह गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है।
दरअसल, यह पूरा मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित बिसलेरी की फैक्ट्री में तैयार किए गए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक बैच से जुड़ा बताया जा रहा है। FSSAI की शुरुआती जांच में पानी के सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा पाई गई। ब्रोमेट एक ऐसा रासायनिक पदार्थ है, जो पानी के उपचार की कुछ प्रक्रियाओं के दौरान बन सकता है। इसकी अधिक मात्रा को स्वास्थ्य के लिए संभावित रूप से हानिकारक माना जाता है। इसी वजह से पीने के पानी में इसकी मात्रा के लिए सुरक्षा मानक निर्धारित किए गए हैं।
शुरुआती जांच के नतीजों पर कंपनी ने आपत्ति जताई, जिसके बाद सैंपल को दोबारा परीक्षण के लिए रेफरल लैब भेजा गया। वहां जांच में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन यानी PAHs की मौजूदगी भी बताई गई। ये रासायनिक यौगिकों का एक समूह है, जिनमें से कुछ पदार्थ स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। हालांकि इनका जोखिम संबंधित यौगिक, उसकी मात्रा और संपर्क की अवधि पर निर्भर करता है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी। हालांकि मुकदमा चलाने की मंजूरी का मतलब यह नहीं है कि कंपनी दोषी साबित हो गई है। मामले में अंतिम फैसला कानूनी प्रक्रिया के तहत ही होगा।
बिसलेरी कंपनी ने दी ये सफाई
वहीं, इस पूरे विवाद पर बिसलेरी इंटरनेशनल ने भी अपनी सफाई दी है। कंपनी के मुताबिक, FSSAI ने गोवा की फैक्ट्री से कुल छह सैंपल लिए थे, जिनमें से पांच निर्धारित मानकों पर खरे उतरे। कंपनी का दावा है कि उसकी ओर से कराई गई स्वतंत्र जांच में ब्रोमेट की मात्रा भी तय सीमा के भीतर मिली थी। बिसलेरी ने कहा है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पानी उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। कंपनी के मुताबिक, पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए 90 से ज्यादा तरह के परीक्षण किए जाते हैं और वह जांच प्रक्रिया में FSSAI के साथ पूरा सहयोग करेगी।
इस खबर के सामने आने के बाद पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर उपभोक्ताओं के बीच सवाल उठ रहे हैं। आखिर जिस बोतलबंद पानी को लोग सुरक्षित समझकर खरीदते हैं, उसकी गुणवत्ता की जांच कैसे होती है? क्या पानी की हर बोतल सुरक्षा मानकों पर खरी उतरती है? और इस तरह की जांच रिपोर्ट सामने आने पर ग्राहकों को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
इन्हीं सवालों को लेकर नोएडा, मुंबई और चंडीगढ़ में स्थानीय लोगों की प्रतिक्रियाएं भी इस रिपोर्ट का हिस्सा हैं।
फिलहाल इस पूरे मामले में FSSAI की जांच रिपोर्ट और बिसलेरी की सफाई सामने हैं। जहां खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण ने एक सैंपल को लेकर कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी है, वहीं कंपनी ने अपनी स्वतंत्र जांच के नतीजों का हवाला देते हुए गुणवत्ता मानकों का पालन करने का दावा किया है।
बहरहाल, सबसे बड़ा सवाल यही है कि जांच में सामने आई गड़बड़ियों और कंपनी के दावों के बीच वास्तविक स्थिति क्या है? क्या संबंधित बैच तक ही यह मामला सीमित है और आगे कानूनी प्रक्रिया में क्या नतीजा सामने आएगा? फिलहाल इन सवालों के जवाब जांच से जुड़े दस्तावेजों और आगामी कानूनी कार्यवाही से ही स्पष्ट होंगे।
यह भी पढ़ें: CBSE में नौवीं के छात्रों को पढ़ने होंगे नौ विषय, तीन भाषाओं के साथ व्यावसायिक शिक्षा भी अनिवार्य
यह भी पढ़ें: Mumbai: गार्डन में कपल के साथ मारपीट करने वाले दो और मुस्लिम लड़के हिरासत में, बढ़ा राजनीतिक विवाद
यह भी पढ़ें: Rampur(UP): CRPF कैंप आतंकी हमले में बरी हुए मोहम्मद शरीफ की हत्या, बदमाशों ने मारी गोली

Editor in Chief





















