छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: शारदीय नवरात्रि की नवमी को जगह-जगह कन्या भोज एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया । वैष्णो दरबार सीतामढ़ी , पुराना बस स्टैंड और कोसाबाड़ी आरपी नगर फेस 1 में सोमवार की दोपहर से भोग भंडारा प्रारंभ कर दिया गया जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया ।
उधर दशहरा पर्व को लेकर कोरबा शहर की विभिन्न दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव समितियों ने रावण दहन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर में अलग-अलग स्थानों पर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान आकर्षक आतिशबाजी के बीच बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक रावण दहन किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पुराना बस स्टैंड कोरबा में मंगलवार की रात्रि 8 बजे रावण दहन किया जाएगा। वहीं, कोसाबाड़ी स्थित आरपी नगर फेस-1 के दशहरा मैदान में रात्रि 9 बजे रावण दहन का आयोजन होगा, जिसमें महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। उधर दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव समिति पुरानी बस्ती रानी गेट द्वारा रात्रि 9 बजे रावण दहन किया जाएगा। मुड़ापार में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में रात्रि 10:00 बजे रावण दहन किया जाएगा ।
दादर खुर्द में 21 अक्टूबर को किया जाएगा रावण दहन
दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव समिति दादर खुर्द द्वारा दशहरा के एक दिन बाद विजयदशमी पर्व मनाने की परंपरा वर्षो से चली आ रही है । पूजा समिति के अध्यक्ष हरि पटेल ने बताया कि दादर खुर्द में 21 अक्टूबर दिन बुधवार को रात्रि 9:00 बजे गांव के दशहरा मैदान में असुर राज रावण के पुतले का दहन किया जाएगा । हर साल की तरह इस बार भी दादर खुर्द में भारी भीड़ जुटने की संभावना है लिहाजा समिति भी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पूरी तरह तैयार है । श्री पटेल ने यह भी बताया कि बुधवार को रावण दहन के पश्चात भव्य देवी जागरण का कार्यक्रम आयोजित है जिसमें माँ बागेश्वरी जागरण मंच सूरजपुर द्वारा देवी भक्ति से सराबोर जसगीतों की प्रस्तूति दी जाएगी।
बता दें कि दशहरा पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन समितियों द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रावण दहन के साथ ही विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
दशहरा का पर्व हमें सत्य, धर्म और अच्छाई के मार्ग पर चलने तथा बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देता है।

Editor in Chief

