छत्तीसगढ़
कोरबा-करतला/स्वराज टुडे: एशिया के सबसे बड़े कोयला उत्पादक क्षेत्रों में शामिल कोरबा जिले में बारिश शुरू होते ही सड़कों की बदहाली एक बार फिर सामने आने लगी है। सोशल मीडिया पर लगातार ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें कहीं सड़कें टूटती दिखाई दे रही हैं तो कहीं बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ताजा मामला जनपद पंचायत करतला अंतर्गत सोहागपुर और मुकुंदपुर को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग का है। यह सड़क क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन है, लेकिन वर्तमान में इसकी स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा सड़क की मरम्मत के लिए कोई प्रभावी पहल नहीं की गई है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत करतला की अध्यक्ष अशोक बाई कंवर ने मानसून शुरू होने से पहले ही संबंधित विभाग को पत्र लिखकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की थी। हालांकि, समय रहते आवश्यक कार्य नहीं किए जाने के कारण सड़क की हालत और खराब हो गई है।
सड़क किनारे लगे सूचना बोर्ड के अनुसार इस मार्ग का कार्य पूर्णता दिनांक 30 अप्रैल 2024 दर्ज है। लेकिन वर्तमान स्थिति को देखकर सड़क की गुणवत्ता और रखरखाव पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सड़क पर डामरीकरण की परत लगभग गायब हो चुकी है और अधिकांश हिस्सों में केवल गड्ढे, पानी और उखड़े हुए पत्थर दिखाई दे रहे हैं।

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
यह भी पढ़ें: Korba: लुतरा शरीफ में पांच दिवसीय भव्य उर्स का आयोजन 28 सितंबर से, सर्व धर्म लोगों से शामिल होने की अपील
यह भी पढ़ें: चलते ट्रक में सफर कर कोरबा पहुंचा दुर्लभ फ्लाइंग स्नेक, समय रहते हुआ सुरक्षित रेस्क्यू
यह भी पढ़ें: गंगा समेत 10 नदियों में बाढ़ से बिहार में तबाही, नालंदा और पटना में तटबंध टूटे

Editor in Chief















