छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: वरिष्ठ अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह ने जिले में अवैध बालू उत्खनन एवं परिवहन के मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कानून का राज तभी स्थापित होगा, जब उसका पालन बिना किसी भेदभाव के सभी पर समान रूप से किया जाए।
उन्होंने कहा कि यदि यातायात नियमों के उल्लंघन पर आम नागरिकों के विरुद्ध तत्काल चालानी कार्रवाई की जाती है, तो बिना नंबर प्लेट एवं नियमों की खुलेआम अनदेखी करते हुए अवैध बालू परिवहन करने वाले ट्रैक्टरों एवं अन्य वाहनों पर भी समान कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। यदि कार्रवाई केवल कमजोर और आम नागरिकों तक सीमित रहे तथा अवैध कारोबार करने वालों को संरक्षण मिलता हुआ दिखाई दे, तो इससे प्रशासन की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं।
धनेश कुमार सिंह ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं खनिज विभाग से मांग की कि अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाकर दोषियों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कानून का पालन सभी के लिए समान रूप से हो।
उन्होंने कहा कि कानून के समक्ष सभी नागरिक समान हैं। प्रशासन को ऐसी कार्यवाही करनी चाहिए जिससे जनता का न्याय व्यवस्था और कानून के शासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो। किसी भी प्रकार की चयनात्मक कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था और विधि के शासन की भावना के अनुरूप नहीं है।

Editor in Chief




