गाजियाबाद/स्वराज टुडे: गाजियाबाद के खोड़ा में बेटे की हत्या के बाद पीड़िता मां ने आरोपी के एनकाउंटर की मांग की है. मृतक सूर्या की मां सरोज ने मीडिया से बातचीत में कहा, “जैसे मेरे बेटे को चाकू घोंपा गया, वैसे ही मैं उस लड़के को चाकू घोपूंगी, उसकी आंतें बाहर निकाल लूंगी. असद ने फोन करके बुलाया था, हमें नहीं पता था कि बकरीद के दिन वो चाकू भोंक देगा. उसका एनकाउंटर होना चाहिए.”
दरअसल, मकंदपुर खोड़ा इलाके में बकरीद के दिन दोपहर करीब साढ़े 3 बजे सूर्या नाम के लड़के पर असद और उसके साथियों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल सूर्या को आनन-फानन में नोएडा के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार की दोपहर 12 बजे उसकी मौत हो गई. जिसके बाद फोर्टिस अस्पताल के बाहर मातम पसर गया. सूर्या के परिवार वाले और हिंदू संगठन से जुड़े लोग विरोध करके कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे.

ईद मनाने और कुर्बानी दिखाने के बहाने बुलाया – दोस्त आयुष की आपबीती
घटना के वक्त सूर्या के साथ मौजूद उसके दोस्त आयुष ने बताया कि हमें असद ने ईद मनाने के लिए बुलाया और कहा कि आओ तुम्हें कुर्बानी दिखाते हैं. हमारी असद से पहले कोई रंजिश या बातचीत नहीं थी. हमने उससे कहा कि हम मीट नहीं खाते हैं. फिर भी वो हमें अपने साथ ले गया, तभी मौका देखकर उसने चाकू निकाला और सूर्या के पेट में मार दिया. उस वक्त असद के साथ 5-6 लोग और भी मौजूद थे. आयुष ने आगे बताया कि मैं अपना बचाव करते हुए भागा और थोड़ी देर बाद वापस आया. वहां भीड़ थी, फिर मैंने एक लड़के की मदद से सूर्या को फोर्टिस हॉस्पिटल की इमरजेंसी में एडमिट कराया और सबको फोन किया. उसने मांग की है कि जिस दर्द से मेरा दोस्त मरा है, वैसा ही हश्र आरोपी का भी हो.
हिंदू संगठनों ने दी पलायन की धमकी
वहीं, अब इस मामले में हिंदू संगठनों में आक्रोश नजर आ रहा है. हिंदू रक्षा दल के सदस्य खोड़ा से हिंदुओं के पलायन की चेतावनी भी दे रहे हैं. फोर्टिस अस्पताल पहुंचे VHP खोड़ा अध्यक्ष संजय मिश्रा का कहना है कि खोड़ा में मुसलमानों का अत्याचार बढ़ता ही जा रहा है. उन्होंने सीएम योगी से आरोपी के एनकाउंटर की मांग की है. वहीं, हिंदू रक्षा दल के खोड़ा अध्यक्ष सोनू शर्मा ने भी पलायन की धमकी दी है.
मृतक सूर्या के भाई की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
गाजियाबाद पुलिस ने बीते रोज ही शिकायतकर्ता विनीत राजपूत की तहरीर पर खोड़ा थाने में आरोपी अशद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था. FIR के मुताबिक वारदात 28 मई को दोपहर करीब 03:30 बजे खोड़ा थाना इलाके की शर्मा डेरी वाली गली में हुई. विनीत राजपूत के मुताबिक, उसका भाई सूर्या अपने दोस्त आयुष नवनीत विहार खोड़ा से जा रहे थे, तभी गली में अशद (निवासी लोकप्रिय विहार) मिला. वहां बहस और गाली-गलौज के बाद अशद ने जान से मारने की नीयत से सूर्या के पेट में चाकू घोंप दिया.
गाजियाबाद पुलिस ने पहले इरादतन हत्या का प्रयास के तहत केस दर्ज किया था, जिसे अब सूर्या की मौत के बाद हत्या की धारा में बदला जा रहा है. पुलिस का कहना है कि आरोपी लड़के की तलाश लगातार जारी है, दबिश दी जा रही है.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी को इस टीम ने दिया 30 करोड़ और प्राइवेट आइलैंड का ऑफर ? सामने आया हैरान करने वाला सच

Editor in Chief






