उत्तरप्रदेश
बुलंदशहर/स्वराज टुडे:उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में जन्मदिन पार्टी में तीन युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीनों भाजपा सभासद के परिवार के थे। पार्टी जिम में चल रही थी। वारदात शनिवार देर रात करीब 12 बजे की है। वारदात के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानें क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, सुभाष रोड स्थित नेहरूपुर चुंगी के पास एक जिम में जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। चश्मदीदों ने बताया कि केक लगाने जैसी मामूली बात पर दोस्तों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही गाली-गलौज में बदल गई। इसके बाद आरोपियों ने हथियार निकालकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
भाजपा नेता के भाइयों और भतीजे की हत्या
गोलीबारी में मनीष सैनी, आकाश सैनी और अमरदीप सैनी की जान चली गई। मनीष सैनी भाजपा सभासद संजय सैनी के छोटे भाई थे, जबकि आकाश सैनी उनके भतीजे और अमरदीप सैनी उनके चाचा के लड़के थे। सभासद संजय सैनी ने बताया कि उनके भाई और भतीजे जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गए थे, जहां उन पर हमला किया गया। उन्होंने इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शवों को भेजा पोस्टमार्टम के लिए
घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात अंतरिक्ष जैन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जिम के अंदर आपसी विवाद के चलते हुई फायरिंग में तीन लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। दोस्तों में चेहरे पर केक पोते पर विवाद शुरू हुआ और फायरिंग कर दी गई।
वारदात के बाद खुर्जा में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों का पता लगाया जा सके। प्राथमिक जांच में यह मामला पुरानी रंजिश और तात्कालिक विवाद, दोनों से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा।
यह भी पढ़ें: Jabalpur: शादी के 10 दिन पहले दूल्हे को धमकी, कहा- “महक सिर्फ मेरी है, उससे शादी की तो खैर नहीं”

Editor in Chief





