छत्तीसगढ़
कोरबा-कटघोरा/स्वराज टुडे: डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, जेंजरा ने एक बार फिर अपने उत्कृष्ट शैक्षणिक स्तर का परिचय देते हुए सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान कायम कर ली है। शानदार परीक्षा परिणाम के साथ विद्यालय ने न केवल सफलता का परचम लहराया, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में अपने निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन को भी प्रमाणित किया है।
इस वर्ष विद्यार्थियों ने अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। कुल 35 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की, जो विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमाण है।
मेधावी विद्यार्थियों की सूची में कलश सिन्हा ने 97% अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए विद्यालय में टॉप किया। उनके साथ रिया देवांगन (96.80%), रवि तेजा रेड्डी (93.80%), परिणीता (92.20%) एवं अदिति दुबे (92%) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया।
इसी कड़ी में वैष्णवी (90%), प्राप्ति सिंह (89.60%), कल्पना कँवर (89.40%), ईशा चौहान (87.20%) एवं आयुष जायसवाल (87%) ने भी शानदार अंक अर्जित कर विद्यालय की उपलब्धियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। सभी विद्यार्थियों की यह सफलता उनके सतत प्रयास, नियमित अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. राज रेखा शुक्ला ने इस शानदार परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “यह उपलब्धि केवल अंकों की सफलता नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम, शिक्षकों की निष्ठा और अभिभावकों के विश्वास की संयुक्त जीत है।” उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल परीक्षा में सफल बनाना नहीं, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है, ताकि वे जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त कर सकें।
डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, जेंजरा ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर हो, तो सफलता निश्चित रूप से कदम चूमती है। विद्यालय की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है और आने वाले वर्षों में भी ऐसे ही उत्कृष्ट परिणामों की उम्मीद जगाती है।
यह भी पढ़ें: फल नहीं, जहर बिक रहा! केमिकल से पकाए जा रहे फलों पर सख्ती, FSSAI का बड़ा अलर्ट
यह भी पढ़ें: Raigarh: महादेव पान मसाला सेंटर में रेड, नकली सिगरेट का बड़ा जखीरा बरामद

Editor in Chief





