छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुई भीषण दुर्घटना अत्यंत दुखद एवं चिंताजनक है, जिसमें अब तक 16 श्रमिकों की मृत्यु होने की जानकारी प्राप्त हुई है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह ने कहा कि प्राप्त जानकारी के अनुसार प्लांट में आपातकालीन स्थिति से निपटने हेतु एंबुलेंस जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं थी, जो कि अत्यंत गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मजदूरों की सुरक्षा के प्रति इस प्रकार की उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि इस दुर्घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सभी औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए।
अधिवक्ता श्री सिंह ने मृतक श्रमिकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके बेहतर से बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

Editor in Chief





