छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: बचपन का टिकट-चलव दीदी खेल-खेले बर जाबो कार्यक्रम ने मातृ शक्तियों को एक बार फिर अपने बचपन के सुनहरे दिनों को जीने का अवसर मिला । कोरबा के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित अशोक वाटिका में आयोजित इस अनोखे कार्यक्रम में हजारों की संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पारंपरिक खेलों के माध्यम से अपनी पुरानी यादों को ताजा किया। इस कार्यक्रम में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पांडेय, कैबिनेट मंत्री लखन देवांगन और भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी भी शामिल हुए। उन्होंने प्रतिभागियों का खूब उत्साहवर्धन किया । मंच संचालन भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार ने किया
बचपन का टिकट कार्यक्रम में इन खेलों को किया गया शामिल
सखी सहेली महिला समूह के तत्वावधान में आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में अशोक वाटिका के प्रवेश द्वार पर पंजीयन एवं टोकन वितरण के लिए काउंटर बनाये गए थे। भीतर विभिन्न खेलों को सम्पन्न कराने के लिए अलग – अलग पंडाल पर आयोजन समिति के कार्यकर्ता उपस्थित थे । यहां खो-खो, कबड्डी, फुगड़ी, रस्सी कूद, कुर्सी दौड़, बोरा दौड़, चम्मच दौड़ और जलेबी दौड़ जैसे कई मनोरंजक खेलों को शामिल किया गया था, जिनमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यहां महिलाओं ने हौजी खेल का भी खूब आनंद उठाया।
दो आयु वर्गों में कार्यक्रम का आयोजन
प्रतियोगिता को दो आयु वर्ग 18 से 25 वर्ष और 25 वर्ष से ज्यादा में विभाजित किया गया था, ताकि हर उम्र की महिलाएं इसमें भाग लेकर खेलों आनंद उठा सकें। कोरबा जिले के विभिन्न इलाकों से आईं महिलाओं ने खेलों में अपनी योग्यता का अद्भुत प्रदर्शन किया। उनका उत्साह देखते ही बनता था।
छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का भी महिलाओं ने उठाया लुत्फ
यहां पारंपरिक खेलों के साथ महिलाओं ने छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का भी लुत्फ उठाया। जलपान और स्वल्पाहार के लिए अलग- अलग स्टॉल लगाए गए थे , जहां महिलाओं और युवतियों की अच्छी खासी भीड़ नजर आयी।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य
इस मौके पर मौजूद भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय ने कहा कि पूरी तरह से निःशुल्क इस भव्य आयोजन का मूल उद्देश्य जिले भर की महिलाओं को एक मंच प्रदान करना था । जीवन की व्यस्तताओं और तनाव के लोग अक्सर अपने मूल स्वभाव और बचपन की खुशियों को भूल जाते हैं। ऐसे आयोजन लोगों को कुछ समय के लिए तनावमुक्त करने और आपसी जुड़ाव बढ़ाने का कार्य करते हैं। सभी महिलाओं के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ नजर आ रहा है, जो इस कार्यक्रम की सफलता को दर्शाता है।
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, इस्लामी कट्टरपंथियों की भीड़ ने हिंदूओं के घरों में की तोड़फोड़

Editor in Chief









