नई दिल्ली/स्वराज टुडे: देश के पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता डॉक्टर मनमोहन सिंह (Dr Manmohan Singh) के अंतिम संस्कार को लेकर सियासत गर्मायी हुई है।
कांग्रेस (Congress) को इस बात पर एतराज है कि किसी भी पीएम का अंतिम संस्कार निगम बोध पर नहीं किया गया और एक सिख पूर्व पीएम का अंतिम संस्कार वहां करके केंद्र सरकार ने उनका अपमान किया है। बीजेपी (BJP) इसे ओछी राजनीति बता रही है। इस बीच कांग्रेस की परेशानी पूर्व पीएम पीवी नरसिम्हा राव (PV Narsimha Rao) के परिवार ने बढ़ाई है।
दरअसल, देश के पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिम्हा राव के भाई ने कांग्रेस पार्टी से लेकर राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी और राहुल गांधी को निशाने पर लिया। उन्होंने याद दिलाया कि किस प्रकार 20 साल पहले कांग्रेस पार्टी ने अपने ही पूर्व अध्यक्ष के अंतिम संस्कार और उनके स्मृति स्थल को लेकर अपमान किया था।
नरसिम्हा राव के भाई मनोहर राव ने कांग्रेस पर बोला हमला
न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत करते हुए पूर्व पीएम के भाई मनोहर राव ने कहा कि कांग्रेस को 20 साल पीछे देखना चाहिए कि उन्होंने अपने नेता पीवी नरसिम्हा राव को कितना सम्मान दिया। यहां तक कि सोनिया गांधी भी उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुईं। कांग्रेस ने उनके लिए एक भी प्रतिमा नहीं बनवाई और न ही उन्हें भारत रत्न दिया।
पूर्व पीएम के भाई मनोहर राव ने कांग्रेस द्वारा मनमोहन सिंह को लेकर खड़े किए गए सवालों पर कहा कि आप अपनी औपचारिकताएं पूरी करें, फिर बीजेपी निश्चित रूप से डॉ. मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जमीन देगी। कांग्रेस ने नरसिम्हा राव के लिए एआईसीसी कार्यालय के द्वार भी नहीं खोले।
मनमोहन सिंह ने नरसिम्हा राव के साथ किया विकास
मनोहर राव ने कहा कि पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का निधन हुआ, इसका दुख है। वो 10 साल पीएम रहे। इससे पहले पीवी नरसिम्हा राव की कैबिनेट में वित्त मंत्री थे। उनको फ्री हैंड देकर उस वक्त जो भारत में स्थिति थी उसको मैनेज किया था। उस दौरान पीवी नरसिम्हा राव और मनमोहन सिंह ने गुरु शिष्य की तरह काम किया और बहुत विकास किया।
कांग्रेस पार्टी द्वारा केंद्र सरकार पर लगाए गए आरोपों पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग BJP से शिकायत कर रहे हैं कि मनमोहन सिंह का ठीक तरह से अंतिम संस्कार नहीं किया। उनको पीछे मुड़कर देखना चाहिए कि मनमोहन सिंह की सरकार में उनके गुरु पीवी नरसिम्हा राव को क्या सम्मान दिया था।
सोनिया गांधी तक पर लगाए मनोहर राव ने गंभीर आरोप
पूर्व पीएम के सम्मान को लेकर मनोहर राव ने कहा कि 2 गज की जमीन दिल्ली में नहीं मिली। आज मनमोहन सिंह के निधन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और पूरी कैबिनेट थी लेकिन पीवी नरसिम्हा के समय कौन आया था, सोनिया गांधी भी नहीं आई थीं। वो हैदराबाद तो आ सकती थीं।
मनोहर राव ने आगे कहा कि पीवी नरसिम्हा की एक प्रतिमा तक नहीं लगाई। अपनी सरकार में भारत रत्न भी नहीं दिया। मनमोहन सिंह को लेकर आरोप लगा रहे हैं. आपने क्या किया? पीएम मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्रियों को सम्मान दिया है और उनका भी सम्मान किया जाएगा। आपने तो कांग्रेस ऑफिस का गेट तक नहीं खोला था, इससे ज्यादा बद्तमीजी और क्या हो सकती थी।
बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी से लेकर प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया है कि मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार निगम बोध का अपमान कराकर मोदी सरकार ने एक पूर्व सिख पीएम का अपमान किया है। कांग्रेस के इन आरोपों पर बीजेपी ने पूर्व पीएम नरसिम्हा राव का नाम लेकर कांग्रेस पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए थे।
यह भी पढ़ें: पुलिस मुख्यालय में खुद को गोली मारकर इंस्पेक्टर ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
यह भी पढ़ें: बोरवेल में गिरने से एक और जिंदगी खत्म, 10 साल के मासूम की नहीं बच सकी जान
यह भी पढ़ें: बहन के सामने पानी में समा गया छोटा भाई, दिल दहला देगा वीडियो, यूजर्स ने माता-पिता को बताया दोषी

Editor in Chief








