* महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार के द्वारा देहदान का संकल्प लेने वाली अनीता राजपूत का सम्मान
* भाजपा जिला कार्यालय कोरबा में आयोजित कार्यक्रम में शॉल और श्रीफल भेंट कर किया सम्मान, रंग पंचमी के रंगों के साथ मनाया उत्सव
कोरबा/स्वराज टुडे: भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, जिला कोरबा द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार ने की।

इस अवसर पर बाकीमोंगरा मंडल भाजपा की महामंत्री श्रीमती अनीता राजपूत द्वारा समाज और मानवता की सेवा के उद्देश्य से लिए गए देहदान संकल्प की सराहना करते हुए उनका विशेष रूप से सम्मान किया गया। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार के द्वारा उन्हें शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अनीता राजपूत के इस महान संकल्प को अत्यंत सराहनीय बताते हुए कहा कि इस तरह की पहल समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और लोगों को मानव सेवा के लिए जागरूक करती है।
इस अवसर पर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार ने कहा कि देहदान का संकल्प मानवता की सर्वोच्च सेवा का प्रतीक है। इस प्रकार के संकल्प समाज में जागरूकता लाने और लोगों को सेवा के कार्यों के लिए प्रेरित करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही हैं।
कार्यक्रम के पश्चात सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रंग पंचमी के अवसर पर एक-दूसरे को रंग लगाकर उत्सव भी मनाया। इस दौरान सभी ने आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं और सभी ने महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज में महिलाओं की भूमिका को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें: भूतों द्वारा एक रात में बनाया गया भारत का यह रहस्यमयी शिव मंदिर, सूरज निकलते ही गायब हो गए थे भूत
यह भी पढ़ें: होटल में मटन खा रहे थे महंत जी, वायरल वीडियो देख भड़क उठे भक्त, बीच सड़क पर जमकर पीटा

Editor in Chief







