छत्तीसगढ़
रायपुर-कोरबा/स्वराज टुडे: सीएमए छत्तीसगढ़ मार्शल आर्ट एवं किकबॉक्सिंग एकेडमी, कोरबा ने अपने शानदार प्रदर्शन और निरंतर उपलब्धियों के बल पर प्रतिष्ठित ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में अपना नाम दर्ज कराकर इतिहास रच दिया है। यह उपलब्धि वर्ष 2018 से फरवरी 2026 तक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक पदक जीतने के आधार पर हासिल हुई है।
इस गौरवपूर्ण सफलता ने न केवल कोरबा, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षकों के उत्कृष्ट मार्गदर्शन का यह परिणाम आज विश्व रिकॉर्ड के रूप में सामने आया है।
छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन एवं एकेडमी के संस्थापक तारकेश मिश्रा ने बताया कि प्रदेश में किकबॉक्सिंग खेल की शुरुआत वर्ष 2006 से हुई थी। खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्ष 2018 में इस एकेडमी की स्थापना की गई। आधुनिक खेल उपकरणों और प्रोफेशनल कोचिंग के माध्यम से यहां के खिलाड़ियों ने लगातार राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
एकेडमी से प्रशिक्षित खिलाड़ी आयरलैंड, रूस, साउथ कोरिया, टर्की, इटली और नेपाल जैसे देशों में भारतीय किकबॉक्सिंग टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इन खिलाड़ियों ने न केवल पदक जीते, बल्कि कोरबा और छत्तीसगढ़ का नाम अंतर्राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया है।
यहां के खिलाड़ियों को राज्य शासन द्वारा शहीद कौशल यादव खेल पुरस्कार, खेल अंकुर, खेल गौरव और खेल शिखर पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। साथ ही कई खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार भी प्राप्त हुए हैं, जो उनकी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के अवसर पर छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष छगन लाल मूंदड़ा, संस्थापक तारकेश मिश्रा, सचिव आकाश गुरुदिवान एवं अन्य प्रशिक्षकों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री ने ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में एकेडमी का नाम दर्ज होने पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इसे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।
एकेडमी के संस्थापक एवं मुख्य कोच तारकेश मिश्रा ने इस उपलब्धि का श्रेय खिलाड़ियों, अभिभावकों, सहयोगियों और खेल प्रेमियों को देते हुए कहा कि यह सफलता आने वाले समय में और बड़े लक्ष्यों को हासिल करने की प्रेरणा बनेगी।
यह भी पढ़ें: Korba: गन्ना रस निकालते समय मशीन में नाबालिग का फंसा हाथ, घायल अवस्था में अस्पताल दाखिल
यह भी पढ़ें: Patna: एम्स में मिलेगी बिना एग्जाम के नौकरी, 67 हजार मिलेगी सैलरी; 16 से 18 अप्रैल होगा इंटरव्यू

Editor in Chief





